Spread the love

रिकांगपिओ। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत आज यहां रिकांगपिओ स्थित बचत भवन में केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण उपभोक्ता मामले, वस्त्र, वाणीज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल द्वारा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व अन्य मंत्रियों की उपस्थिति में योजना के लाभार्थियों के साथ वर्चुअल संवाद को एक बड़ी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया गया। इस दौरान आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी मुख्य अतिथि थे।
सूरत नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के मार्गदर्शन में देश सहित प्रदेश में आरंभ की गई प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना कोविड के विषम परिस्थितियों में गरीब लोगों के लिए वरदान साबित हुई है। उन्होंने कहा कि जिले में इस योजना से अप्रैल, 2020 से नवम्बर, 2020 तक 21 हजार 274 लाभार्थी लाभान्वित हुए हैं। इस अवधि के दौरान इन लाभार्थियों को 5250 क्विंटल चावल, 3140 क्विंटल गंदम तथा 418.86 क्विंटल काला चना दाल निःशुल्क प्रदान की गई।
नेगी ने कहा कि योजना के तहत मई, 2021 से नवम्बर, 2021 तक योजना के तहत 20 हजार 127 राशन कार्ड धारकों को 1962 क्विंटल चावल तथा 2937 क्विंटल गंदम दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह योजना गरीबों को कोरोना संकट काल में वरदान बनकर आई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा समाज के सभी वर्गों विशेषकर जनजातीय क्षेत्र के लोगों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं व कार्यक्रम आरंभ किए गए हैं, जिनसे लोगों की आर्थिक व सामाजिक स्थिति में बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि जिले में हिमाचल गृहणी सुविधा योजना के तहत 2574 व्यक्तियों को व उज्जवला योजना के तहत 125 व्यक्तियों को निःशुल्क रसोई गैस कनैक्शन प्रदान किए गए हैं।
इस दौरान सूरत नेगी ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 10 उचित मूल्य दुकानों के 150 लाभार्थियों को खाद्यान्न बैग भी प्रदान किए। उन्होंने इस अवसर पर 5 लाभार्थियों को हिमाचल गृहणी सुविधा योजना के तहत निःशुल्क रसोई गैस कनेक्शन भी प्रदान किए।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के लाभार्थियों से हुए संवाद को जिले के पंचायती राज संस्थानों व उचित मूल्य की दुकानों पर भी दिखाया गया। जिले के नाको, मूरंग, रारंग, करछम, सांगला, टापरी, कटगांव, निचार तथा निगुलसरी में भी पात्र लाभार्थियों को खाद्यान्न बैग वितरित किए गए।
इस दौरान जिला परिषद अध्यक्ष निहाल चारस, उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी पूह अश्वनी कुमार, उपमण्डलाधिकारी निचार मनमोहन सिंह, उपमण्डलाधिकारी कल्पा स्वाति डोगरा, जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले आदित्य बिंद्रा, जिला भाजपा अध्यक्ष संजीव हारा, लाभार्थी व  अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *