शिमला। कांग्रेस विधायक व पार्टी के प्रदेश महासचिव विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह जानबूझकर कर कांग्रेस विधायकों के चुनाव क्षेत्रों के साथ विकास के मामले में भेदभाव कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने टुटू में एक सब्जी मंडी व पीएचसी के निर्माण को धन स्वीकृत किया था, लेकिन दुख की बात है कि जयराम सरकार ने इसके निर्माण को आज दिन तक अधर में लटका कर रखा है। वे रविवार को अपने विधानसभा हलके के टुटू में जनता को संबोधित कर रहे थे। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उनके पिता पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने उन्हें जो जनसेवा की विरासत उनके पास छोड़ी है, उसे वह हर हाल में पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका मार्गदर्शन आज भी मुझे निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही इस क्षेत्र के बचे आधे अधूरे कार्यों को पूरा करेगी, जिससे यहां के कृषकों व अन्य लोगों को इसका पूरा लाभ मिल सकें। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि शिमला नगर निगम में आने वाला यह क्षेत्र नगर निगम की उपेक्षा का शिकार भी बना हुआ है। उन्होंने कहा कि नगर निगम शिमला भी प्रदेश भाजपा सरकार की भांति अपने उत्तरदायित्व निभाने में पूरी तरह विफल साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि शिमला शहर की समस्याओं को दूर करने में नगर निगम पूरी तरह फिसड्डी साबित हुआ है।
इस दौरान उनके साथ पूर्व विधायक चिरंजी लाल, पार्षद दिवाकर शर्मा, पूर्व प्रधान किशन चंद शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल शर्मा के अतिरिक्त उत्तम सिंह कश्यप, मुकुल गुप्ता, प्रिंस, ललित, राम लाल ठाकुर, बलराज, राहुल कश्यप, सरोज शर्मा, निधि ठाकुर, डॉ. मस्त राम शर्मा, दलीप वर्मा, कमल वर्मा के अतिरिक्त क्षेत्र के कई अन्य गणमान्य व्यक्ति, महिलाएं उपस्थित थी।
विक्रमादित्य सिंह ने आज टुटू के नगर निगम में आने वाले शिवनगर में अपनी विधायक निधि से सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 5 लाख, एम्बुलेंस सड़क निर्माण को तीन लाख के साथ-साथ मज्याठ में विभिन्न विकास कार्यों को सात लाख रुपए स्वीकृति किए हैं। उन्होंने इस दौरान यहां लोगों की समस्याओं को भी सुना और उन्हें आश्वासन दिया कि वह समस्याओं को दूर करने में कोई कोर कसर नहीं रखेंगे। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य अपने इस निर्वाचन क्षेत्र का समान विकास और लोगों की समस्याओं को दूर करने का है। उन्होंने कहा कि वह इस इस निर्वाचन क्षेत्र को आदर्श चुनाव क्षेत्र बनाने को प्रयासरत हैं।
