शिमला। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने शनिवार को शिमला के दीनदयाल अस्पताल में सेवा और समर्पण अभियान के तहत मरीज़ों को कंबल एवं फल वितरित किए। इस दौरान उन्होंने जनता की समस्याओं को भी सुना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 71वें जन्मदिन पर भारतीय जनता पार्टी ने सेवा और समर्पण अभियान को ऐतिहासिक बनाने की योजना बनाई है। उन्होंने कहा कि एक ओर पार्टी का लक्ष्य कोविड-19 वैक्सीनेशन का रिकॉर्ड बनाना रहा है, वहीं दूसरी ओर भाजपा ने 21 दिवसीय “सेवा और समर्पण” अभियान भी शुरू किया है।
सुरेश कश्यप ने कहा कि ‘सेवा और समर्पण अभियान’ कार्यक्रम के तहत वे दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में फल वितरण के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि जनसेवा से बढ़कर इस दुनिया में कोई काम नहीं हो सकता। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जातिवाद और तुष्टीकरण की राजनीति की जगह विकास की राजनीति ने ले ली है। उन्होंने कहा कि देश में जनभागीदारी की नयी इबारत लिखी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमेशा राष्ट्र के उत्थान के बारे में सोचा। जनता के लिए समर्पित रहना ही प्रधानमंत्री का स्वभाव है।
कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की योजनाएं दलितों, पीड़ितों और वंचितों के लिए होती हैं, जन-जन का विकास ही प्रधानमंत्री के जीवन का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से भारतीय जनता पार्टी का ‘सेवा एवं समर्पण’ अभियान शुरू किया है और यह 7 अक्टूबर तक चलेगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान में पार्टी कार्यकर्ता हर गांव-घर तक पहुंच कर संपर्क, संवाद और सेवा कार्य करेंगे। इस दौरान शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, महापौर सत्या कौंडल, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राष्मिधर सूद, अनिला कश्यप, प्रेम चौहान, गौरव कश्यप एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
