Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने राज्य में लचर कानून व्यवस्था पर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि आज भाजपा के शासन में देश प्रदेश में दलितों के साथ बड़ा अन्याय हो रहा है। पिछले दिनों कुल्लू में दलित समुदाय के व्यक्तियों पर हुए कातिलाना हमले में एक व्यक्ति की मौत के मामले को उठाते हुए राठौर ने इस सारी घटना की न्यायिक जांच की मांग की है। इस संबंध में पार्टी जल्द राज्यपाल से भी मुलाकात करेगी और इस घटना की न्यायिक जांच की मांग करेगी। राठौर ने शनिवार को यहां प्रेस कांंफ्रेंस में कहा कि कांग्रेस यह अन्याय सहन नहीं करेगी और इस मामले की न्यायिक जांच न होने पर मंडल स्तर पर धरना प्रदर्शन भी करेगी।

राठौर ने पिछले दिनों कुल्लू में एक पूर्व सैनिक व पूर्व प्रधान परस राम और उसकी पत्नी पर हुए जानलेवा हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस घटना से प्रदेश शर्मशार हुआ है। उन्होंने कहा कि परस राम इस हमले में अपनी जिंदगी की जंग हार गए, जबकि उनकी पत्नी नेरचौक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि वे खुद पीड़ित महिला से मिल कर आए हैं और महिला ने सारी दास्तां सुनाई है। उन्होंने कहा कि महिला की दास्तां सुनकर वे आहत हैं। 

कुलदीप राठौर ने आरोप लगाया कि इस मामले में सत्ताधारी दल से जुड़े लोग शामिल हैं और उन पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस घटना ने बता दिया है कि राज्य में कानून व्यवस्था के क्या हाल हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों सुलह से पूर्व विधायक व पूर्व सीपीएस जगजीवन पाल के साथ भी मारपीट की घटना घटी थी और उस मामले में भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इन घटनाओं से देवभूमि शर्मसार हुई है। उन्होंने कहा कि कुल्लू जिले में तो दलित परिवार के साथ जघन्य अपराध हुआ है और इसकी कांग्रेस पार्टी कड़ी निंदा करती है और इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करती है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच के लिए इस मामले की न्यायिक जांच की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मांग को लेकर वे राज्यपाल से मिलेंगे और फिर भी यदि सरकार ने न्यायिक जांच नहीं करवाई तो पार्टी हर स्तर पर आंदोलन लगेगी और कोर्ट का भी दरवाजा खटखटाएगी। 

राठौर ने इस मामले पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक भी की। उन्होंने पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार, पूर्व मंत्री गंगूराम मुसाफिर, कर्नल धनीराम शांडिल, विधायक नंद लाल और पूर्व विधायक डॉ. बीरूराम किशोर भी मौजूद थे। ये सभी कांग्रेस के दलित नेता हैं और इन्होंने भी एक स्वर से इस घटना की कड़ी निंदा की और इस मामले की न्यायिक जांच की मांग की। इन नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने पीड़ित परिवार को न्याय न दिलाया तो पार्टी हर स्तर पर आंदोलन करेगी। 

स्वर्ण जयंती के विशेष सत्र में कांग्रेस नेताओं का जिक्र न करने पर कांग्रेस ने जताई हैरानी 
कुलदीप राठौर ने प्रदेश विधानसभा के स्वर्ण जयंती पर आयोजित विशेष सत्र में प्रदेश के विकास में कांग्रेस वरिष्ठ नेताओं के नाम तक न लेने पर हैरानी जताई है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी, राजीव गांधी व डॉ. मनमोहन सिंह ने प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसलिए इस विशेष सत्र में उन्हें भी याद किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी 1971 का वह स्वर्णिम दिन जब भारी बर्फबारी के बीच तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी ने प्रदेश के पूर्ण राज्य का दर्जा दिया था, उन्हें विशेष तौर पर याद किया जाना चाहिए था। राठौर ने कहा कि इसी तरह प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार ने जहां इस प्रदेश की नींव रखी थी, वहीं उसके पश्चात मुख्यमंत्री राम लाल ठाकुर व वीरभद्र सिंह ने इस प्रदेश को आधुनिक बनाया।राठौर ने कहा कि रोहतांग टनल प्रदेश को तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की देन है, जिन्होंने इसे पैसा उपलब्ध करवाया और तत्कालीन यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इसकी आधारशिला रखी थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केवल इस टनल का उदघाटन किया है। उन्होंने कहा कि बड़े दुख की बात है कि रोहतांग टनल से सोनिया गांधी की शिलान्यास पट्टिका को हटा दिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भारी विरोध के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस को आश्वासन दिया था, लेकिन उसे उन्होंने आज दिन तक पूरा नहीं किया। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि वह अपना वायदा जल्द पूरा करे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *