Spread the love

शिमला। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा है कि सरकार जनता के हित में कार्य करे, इस दृष्टि से जनमंच कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके माध्यम से प्रभावी रूप से कार्य कर समस्याओं व मांगों की पूर्ति की जा रही है। वे रविवार को जुबल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के कलबोग में आयोजित जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे। 

भारद्वाज ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के लोग अपना घरेलू कार्य छोड़कर विभिन्न दस्तावेजों को बनाने के लिए कार्यालयों के चक्कर काटते रहते थे, जिस कारण ग्रामीणों का बहुत सा समय ऐसे दस्तावेजों को बनाने में लग जाता था, ऐसे कार्यों के लिए जनमंच कार्यक्रम काफी सार्थक सिद्ध हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम जनमंच लोगों की व्यक्तिगत व सामूहिक समस्याओं के तुरंत निपटारे के लिए महत्वपूर्ण है। इसलिए केंद्र सरकार ने भी प्रदेश सरकार के जनमंच कार्यक्रम की सराहना की है। 

शहरी विकास मंत्री ने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में स्व. नरेंद्र बरागटा ने बागवानों के हितों को मध्यनजर रखते हुए अनेकों ऐसे विकास कार्य करवाए हैं, जिससे इस क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सेब सीजन के दौरान सड़कों को सही स्थिति में रखने के लिए विभाग मुस्तैदी से कार्य करे, इस सम्बंध में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आज के जनमंच कार्यक्रम में कलबोग पंचायत सहित 11 पंचायत क्षेत्र के लोगों की समस्याओं व मांगों का मौके पर ही निपटारे के लिए आयोजित किया गया है, जिसके तहत ऑनलाइन 76 समस्याओं के आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 73 समस्याओं का मौके पर निपटारा किया गया। 
लोक निर्माण विभाग से सम्बंधित 18 समस्याएं प्राप्त हुई, जिसमें से 17 समस्याओं का मौके पर निपटारा किया गया, जबकि एक समस्या को शीघ्र कार्यवाही के लिए विभाग को भेजी गई। इसके अतिरिक्त विद्युत विभाग से सम्बंधित 27 समस्याएं, परिवहन विभाग की 2, जल शक्ति विभाग की 26, वन विभाग की 2 तथा ग्रामीण विभाग से सम्बंधित एक समस्या प्राप्त हुई, जिनका निपटारा मौके पर ही किया गया। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम के दौरान 61 अन्य आवेदन व कुछ मांगें भी प्राप्त हुई हैं, जिन्हें त्वरित कार्यवाही के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया है। कार्यक्रम में कलबोग वन वृत से सम्बंधित स्थानीय लोगों द्वारा उठाई गई शिकायत पर मंत्री ने वन मण्डलाधिकारी को निर्देश दिए कि वे इस मामले की जांचकर कृत कार्यवाही की रिपोर्ट मंत्री कार्यालय को भी भेजना सुनिश्चित करे। लोगों द्वारा उठाई गई मांग पर मंत्री ने शिमला से क्यारवी बस सेवा शुरू करने के क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन को निर्देश दिए। जनमंच में कुफरबाग गांव तक सड़क निर्माण की भी मांग उठी।
जनमंच कार्यक्रम से पूर्व सुरेश भारद्वाज ने कलबोग स्कूल के नजदीक चिनार का पौधा भी रोपित किया तथा वर्तमान सरकार की नीतियों व कार्यक्रमों पर आधारित विभिन्न विभागों द्वारा जनमानस की जागरूकता के लिए स्थापित किए गए। प्रदर्शनी स्टॉलों का शुभारम्भ व अवलोकन करने के उपरांत संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश भी दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी में रखे गए विभिन्न खाद्य व्यंजनों का मुख्य अतिथि ने केक काट कर अवलोकन किया और गर्भवती महिला शीला डोगरा की गोद भराई का आशीर्वाद व कलबोग की नन्ही बच्ची वेदिका का अन्नप्राशन भी किया गया। 

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश आईटी सेल संयोजक चेतन बरागटा, जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा संजीव चौहान, जिला परिषद सदस्य कलबोग अनिल कालटा, उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी, अतिरिक्त उपायुक्त किरण बढ़ाना, एएसपी सुशील कुमार शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी  डॉ. सुरेखा चोपड़ा, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. पवन जयरथ, जिला कार्यक्रम अधिकारी वन्दना चौहान, जिला नियंत्रक खाद्य एवं आपूर्ति पूर्ण चंद, विद्युत, लोनिवि तथा जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंताओं सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कलबोग पंचायत प्रधान शीला डोगरा तथा आसपास की पंचायतों के पंचायत प्रतिनिधि व भारी संख्या में पंचायत क्षेत्र के लोग उपस्थित थे।  

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *