????????????????????????????????????
Spread the love

हमीरपुर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीन चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 65 से 69 वर्ष तक की सभी महिलाओं को भी एक हजार रुपए की पेंशन का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि इस समय प्रदेश में लगभग 6 लाख वरिष्ठ नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है। अब शगुन योजना के तहत गरीब परिवार की लड़कियों की शादी पर 31-31 हजार रुपए की राशि दी जा रही है। वे रविवार को हमीरपुर जिले के कांगू में जन मंच कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं थी। 
सरवीन चौधरी ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान उनके घरद्वार पर ही करने के लिए प्रदेश सरकार ने यह कार्यक्रम आरंभ किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल के दौरान कई महत्वाकांक्षी योजनाएं आरंभ की हैं। जनमंच कार्यक्रम इन्हीं महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जनमंच कार्यक्रम आरंभ करके आम जनता को बहुत बड़ी राहत प्रदान की है। इस कार्यक्रम के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का समाधान उनके घर-द्वार पर ही किया जा रहा है। उन्हें बार-बार दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ रहे हैं। नादौन विधानसभा क्षेत्र की चर्चा करते हुए सरवीन चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपए की योजनाएं मंजूर की हैं। नादौन में मिनी सचिवालय के निर्माण पर साढ़े आठ करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। सीवरेज योजना के लिए 19.21 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। 156 करोड़ रुपए की लागत से सिंचाई योजना का कार्य भी अंतिम चरण में है। एडीए कार्यालय के लिए 1.27 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत नादौन की पांच सड़कों पर 14 करोड़ रुपए किए जा रहे हैं।
एचआरटीसी के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने कहा कि जनमंच कार्यक्रम का सीधा लाभ आम लोगों को हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में नादौन विधानसभा क्षेत्र के लिए करोड़ों की योजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जिनसे क्षेत्र का चहुमुखी विकास सुनिश्चित हुआ है।
इस मौके पर जनमंच के लिए प्राप्त जनशिकायतों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने बताया कि जनमंच से पहले प्राप्त सभी शिकायतों का निपटारा प्री-जनमंच कार्यक्रमों में ही कर दिया गया था। इस दौरान लोगों ने अधिकारियों के समक्ष कई मांगें भी रखी हैं। अधिकारियों को इन मांगों के संबंध में भी त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

25 कारीगरों को बांस-किट और 10 लड़कियों को दिए 31-31 हजार
कार्यक्रम के दौरान सरवीन चौधरी ने 25 कारीगरों को उद्योग विभाग की ओर से बांस-किट प्रदान किए। उन्होंने 10 गरीब लड़कियों की शादी के लिए शगुन योजना के तहत 31-31 हजार रुपए, बेटी है अनमोल योजना की 5 लाभार्थी कन्याओं को 12-12 हजार रुपए की एफडी के दस्तावेज और चार महिलाओं को गृहिणी सुविधा योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन प्रदान किए। उन्होंने प्रधानमंत्री मत्स्य पालन योजना के 5 लाभार्थियों को मोटरसाइकिल और आईस बाॅक्स भी भेंट किए।
जनसमस्याओं का मौके पर ही किया निपटारा
जनमंच कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की 8 ग्राम पंचायतों मालग, सनाही, बढेड़ा, बटराण, मंझेली, नौहंगी, बूणी और पनसाई के बाशिंदों की समस्याओं की सुनवाई की गई। क्षेत्रवासियों की ओर से 10 शिकायतें और 8 मांगें जनमंच से पहले ही प्राप्त हुई थीं। इनका निपटारा जनमंच से पहले ही कर दिया गया था। इनके अलावा लोगों ने 16 शिकायतें तथा 37 मांगें जनमंच के दौरान मौके पर ही प्रस्तुत कीं। इनमें से सभी शिकायतों का निपटारा मौके पर ही कर दिया गया। जबकि, लोगों की मांगों के संबंध में भी अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जनमंच में क्षेत्र की 8 ग्राम पंचायतों के लगभग 1200 लोगों ने भाग लिया।इस मौके पर पूर्व विधायक बलदेव शर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष बबली देवी, बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वंदना योगी, ओबीसी वित्त विकास निगम के अध्यक्ष रामलोक धनोटिया, एसपी डाॅ. आकृति शर्मा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *