Spread the love

शिमला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन व उर्वरक मंत्री मनसुख एल मंडाविया से प्रदेश के लिए बल्क ड्रग फार्मा पार्क स्वीकृत करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश एशिया में फार्मा हब है और बल्क ड्रग फार्मा पार्क की स्वीकृति से प्रदेश में औद्योगिकीकरण को बढ़ावा मिलेगा और लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री से मुलाकात के दौरान यह मामला उनके समक्ष रखा। 
मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रदेश में शत-प्रतिशत पात्र आबादी को कोविड-19 की पहली डोज प्रदान करने के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद राज्य में वैक्सीनेशन का 103 फीसदी प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसमें प्रवासी श्रमिक और पर्यटकों का टीकाकरण भी शामिल है। उन्होंने राज्य को पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध करवाने के लिए केन्द्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें बताया कि राज्य की शत-प्रतिशत पात्र आबादी को कोविड-19 की दूसरी डोज 30 नवम्बर, 2021 तक पूर्ण करने के लिए राज्य सरकार हर संभव प्रयास कर रही है।
केन्द्रीय मंत्री ने प्रदेश की इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री को बधाई दी और उन्हें आश्वस्त किया कि प्रदेश द्वारा निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए वैक्सीन की कमी नहीं होगी। उन्होंने प्रदेश को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन भी दिया।
मुख्य सचिव राम सुभग सिंह ने बैठक के दौरान कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। प्रधान आवासीय आयुक्त एसके सिंगला और उप-आवासीय आयुक्त पंकज शर्मा बैठक में उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed