शिमला। हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस ने आज पूह में ब्लॉक युवा कांग्रेस की बैठक का आयोजन किया। बैठक की अगुवाई प्रदेश अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी ने की। बैठक में मंडी लोकसभा चुनाव के लिए युवाओं को संगठित होकर हर बूथ पर जीत आश्वस्त करने के लिए कहा गया। पूह ब्लॉक के कई युवाओं ने इस मौक़े पर प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष युवा कांग्रेस की सदस्यता लेकर पार्टी को ज्वाईन किया। इसके बाद युवा कांग्रेस ने रोष मार्च भी निकाला। युवा कांग्रेस ने मुख्य रूप से देश के ज्वलंत मुद्दे, केंद्र सरकार द्वारा देश बेचो योजना के खिलाफ (National Monitization Pipeline) और प्रदेश के बाग़बानों को सेब के पिछले दिनों में घटते दामों को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
प्रदेश अध्यक्ष निगम भंडारी ने सरकार पर प्रहार करते हुये कहा कि मोदी सरकार की ‘देश बेचो नीति’ राष्ट्रीय मुद्रिकरण पाइपलाइन (National Monitization Pipeline) का आना देश हर एक नागरिक के साथ धोखा और विश्वासघात है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट, रेलवे, मैदान आदि या अन्य कोई सरकारी सम्मपत्तियां, सरकार इन जनता के खून पसीने से सींचे हुए सब संपतियों को अपने गिने चुने दो चार पूंजीपति मित्रों को बेचना चाहती है। उन्होंने कहा कि अभी तक सार्वजनिक क्षेत्र पर किसी एक का अधिकार नहीं था, लेकिन जैसे-जैसे सरकार निज़ी हाथों में सरकारी संपत्ति को बेचेगी, युवाओं के लिए भी रोज़गार के अवसर सीमित होते जाएंगे।
भंडारी ने कहा कि प्रदेश में बागवानों के लिए सबसे महत्वपूर्ण वक़्त सेब सीजन में रेट का एक दम नीचे गिरना प्रदेश सरकार की लापरवाही को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि जब सेब का तुड़ान हो चुका है और सेब मंडी में रखा पड़ा है, उस समय रेट का गिर जाना सरकार की जानबूझ कर की गयी लापरवाही के साथ अदानी जैसे पूंजीपतियों को फ़ायदा देने की साज़िश को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का बहुत बड़ा हिस्सा बाग़वानी से सम्बंध रखता है, जिस पर लाखों परिवारों की रोज़ी रोटी निर्भर होने के साथ-साथ प्रदेश की बहुत बड़ी आर्थिकी भी सम्बंध रखती है। इसे लेकर बागवान बहुत चिंतित हैं।
युवा कांग्रेस ने बाग़वानी मंत्री से कहा कि वे नींद से जागें और केवल जल शक्ति विभाग तक सीमित न रह कर बाग़वानी मंत्रालय को भी गम्भीरता से लें, वरना युवा कांग्रेस पूरे प्रदेश में उग्रविरोध करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री के सेब को होल्ड पर रखने के ब्यान को हास्यास्पद बताया और कहा कि ये कोई रेत बजरी ईंट पत्थर नहीं है जो बाज़ार में जब चाहे बिक जाए।
