शिमला। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के 16 सितम्बर से 20 सितम्बर, 2021 तक 5 दिनों के शिमला प्रवास के दौरान की जाने वाली तैयारियों को लेकर डीसी शिमला आदित्य नेगी ने शुक्रवार को यहां सभी संबंधित अफसरों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को सितम्बर माह के पहले सप्ताह में सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
डीसी ने लोक निर्माण विभाग को राष्ट्रीय राजमार्ग से रिट्रीट की ओर जाने वाली सड़क का नवीनीकरण करने के आदेश दिए तथा क्षेत्र में साडा द्वारा चलाई जा रही सफाई व्यवस्था को बेहतर करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान शिमला में आवागमन के संभावित सभी मार्गों को दुरुस्त किया जाएगा तथा शिमला व आसपास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को भी बेहतर किया जाएगा।
आदित्य नेगी ने अधिकारियों को रिट्रीट के मुख्य द्वार पर बनने वाले नियंत्रण कक्ष के संबंध में संयुक्त निरीक्षण कर जगह चिन्हित करने के निर्देश दिए, ताकि वहां पर पुलिस नियंत्रण कक्ष का स्थाई समाधान हो सके। उन्होंने बताया कि इस दौरान संभावित आवागमन मार्गों पर चल रहे निर्माण कार्यों को जल्द ही पूर्ण किया जाएगा तथा सड़क किनारे पड़ी निर्माण सामग्रियों को भी हटाया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
डीसी ने बताया कि रिट्रीट के आस-पास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क समस्या को दूर कर सुचारू बनाने के लिए कम्पनियों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शिमला डाॅ. मोनिका भुटुंगरू, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी कानून एवं व्यवस्था राहुल चौहान, नगर निगम आयुक्त आशीष कोहली, उपमण्डलाधिकारी शिमला शहरी मंजीत शर्मा, उपमण्डलाधिकारी ग्रामीण शिमला बीआर शर्मा, रिट्रीट प्रबंधक छोटे लाल एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
