ऊना। ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने बुधवार को ऊना जिले की बसाल पंचायत में लगभग 7 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास किया। बसाल पंचायत में 5 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से आधुनिक रूप से जिला पंचायत संसाधन केंद्र बनाया जाएगा, जिसमें 22 कमरे, एक ट्रेनिंग हॉल, बैठक कक्ष व बड़ी पार्किंग की सुविधा होगी। कंवर ने 1 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से बनने वाले हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग के उप मंडल कार्यालय एवं एसडीओ आवास का भी शिलान्यास किया।
इस अवसर पर वीरेंद्र कंवर ने कहा कि बसाल को शहर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बसाल में जिला पंचायत संसाधन केंद्र व लोक निर्माण विभाग उपमंडल कार्यालय का भवन 10 महीने तक बनकर तैयार हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में लगभग 17 करोड़ रूपए की लागत से सड़को का सुदृढ़ीकरण किया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही बसाल में 85 लाख रुपए की लागत से एक स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बसाल में पीएचसी का निर्माण भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 1 करोड़ 50 लाख रूपए की लागत से टक्का में साइंस लैब बनाई जा रही है। इसी की तर्ज पर बसाल में भी शीघ्र साइंस लैब बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कुटलहैड़ विधानसभा क्षेत्र में पशुपालकों के लिए 47 करोड़ 50 लाख रूपए की लागत से डेयरी का ट्रेनिंग सेंटर भी बनाया जाएगा। जिसमें 50 से 60 लीटर दूध देने वाली गाय भी रखी जाएंगी।
ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि बसाल में शीघ्र एसएमएस का कार्यालय भी खोला जाएगा, जोकि किसानों के लिए काफी लाभदायक सिद्ध होगा। इसके अलावा उन्होंने कहा कि समूर में डैम का निर्माण किया गया है, जिससे आसपास के गांवों की भूमि सिंचित होगी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसानों के उत्थान के लिए उनकी आर्थिकी सुदृढ़ करने के लिए शिवा प्रोजेक्ट लाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान पेंशन योजना केंद्र सरकार द्वारा चलाई गई है। इस अवसर पर उन्होंने बसाल पंचायत के वार्ड 1 में महिला मंडल बनाने के लिए 3 लाख रूपए देने की घोषणा भी की।
