Spread the love

शिमला। कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर से निपटने व बचाव को लेकर स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने वीरवार को यहां समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी जिला उपायुक्तों, मुख्य चिकित्सा अधिकारियों, मेडिकल काॅलेजों के प्रधानाचार्य व चिकित्सा अधीक्षकों ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से भाग लिया।

स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि राज्य सरकार कोविड-19 की हर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं, ताकि किसी भी स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। उन्होंने कहा कि संभावित तीसरी लहर के दृष्टिगत राज्य में हर संभव तैयारियां की जा रही हैं और इस संबंध में सभी उपायुक्तों व मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त बिस्तर, ऑक्सीजन की उपलब्धता, मानव संसाधनों का प्रबंधन व प्रशिक्षण, दवाइयों की खरीद व आपूर्ति सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि आवश्यकता होने पर बचाव को लेकर इनका उपयोग किया जा सके।

अमिताभ अवस्थी ने लोगों से संभावित तीसरी लहर से बचाव को लेकर सतर्क रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य में कोविड-19 महामारी का प्रभाव कम हुआ है, लेकिन यह महामारी अभी खत्म नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि संभावित तीसरी लहर से बचाव के दृष्टिगत कोविड अनुरूप व्यवहार जैसे परस्पर दूरी बनाए रखना, साबुन-पानी से हाथ धोना या सैनिटाइजर से हाथ साफ करना और मास्क का उपयोग करना आदि नियमों का कड़ाई से पालन करना सुनिश्चित किया जाना चाहिए। निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं, निदेशक चिकित्सा शिक्षा, सभी जिला उपायुक्तों, मुख्य चिकित्सा अधिकारियों, मेडिकल काॅलेज के प्रधानाचार्य, चिकित्सा अधीक्षकों, जोनल अस्पतालों के चिकित्सा अधीक्षकों, लाॅजिस्टिक समीति के सदस्यों डाॅ. अनिता महाजन, डाॅ. जितेंद्र चौहान, डाॅ. डीडी शर्मा, डाॅ. रमेश चंद सहित अन्य अधिकारियों ने बैठक में वर्चुअल माध्यम से भाग लिया। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *