Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने राज्य में भारी बारिश से जान माल को हुए नुकसान पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सरकार से प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद करने और उन्हें आर्थिक मदद देने की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के चलते शिमला, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कांगड़ा, चंबा, कुल्लू, सिरमौर आदि जिलों में भारी नुकसान हुआ है।
राठौर ने सरकार से इस नुकसान का जल्द आंकलन करने व जान माल के नुकसान की भरपाई करने को कहा है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के चलते एक ओर जहां लोगों के घर ढह गए हैं, वहीं सड़कों को भी भारी नुकसान पंहुचा है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से कई जगह पुल बह गए हैं। सड़कें अवरुद्ध होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि लोगों के घरों को हुए नुकसान का भी आंकलन करने व उन्हें उनकी मरम्मत करने के लिए आर्थिक सहायता दी जाए। 
कुलदीप राठौर ने कहा कि प्रदेश में सेब सीजन शुरू हो चुका है। सम्पर्क सड़कें पिछले कई दिनों से बंद पड़ी हैं। इसका असर सेब ढुलाई पर पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि संपर्क सड़कों को जल्द बहाल किया जाए, जिससे सेब की फसल बर्बाद न हो। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस बार पहले ही सेब की फसल बहुत कम है और जो है, यदि वह समय पर मंडियों में नहीं पहुंची तो बागवानों को इसका भारी नुकसान होगा। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed