Spread the love

शिमला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों, उनके परिजनों तथा जिन रणबांकुरों ने इस युद्ध में अपने युद्ध कौशल के साथ-साथ अपनी वीरता का परिचय दिया, उनके प्रति हम सदा कृतज्ञ रहेंगे। उन्होंने कारगिल विजय दिवस की 22वीं वर्षगांठ के अवसर पर सभी फौजी भाईयों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कारगिल का युद्ध भारत की सेना के शौर्य एवं संयम का ऐसा प्रतीक है, जिसे पूरी दुनिया ने देखा था। वर्ष 1999 में हुआ यह युद्ध 60 दिनों तक चला था और भारत के 500 से अधिक जांबाज सैनिकों ने अपने शहादत प्राप्त की थी। 

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जब भी केंद्र में भाजपानीत एनडीए सरकार रही, सैनिकों के मनोबल को प्रोत्साहन मिलता रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न, स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने कारगिल में जाकर सैनिकों के मनोबल को बढ़ाया था और हमारे वीर सैनिकों के अदम्य साहस के साथ-साथ तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के दृढ़ संकल्प ने भी दुश्मनों को हमारी सीमा से पीछे हटने को मजबूर कर दिया था। सुरेश कश्यप ने कारगिल युद्ध में हिमाचल के शहीद हुए उन 52 शहीदों को भी अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने इस युद्ध में मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी और सदा के लिए अमर हो गए। कारगिल युद्ध में हिमाचल के वीर जवानों का भी बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश से बड़ी संख्या में युवा भारतीय सेना में भर्ती होकर मातृभूमि की रक्षा की सौगंध खाते हैं। सुरेश कश्यप ने कहा कि जब से केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनी है तब से हमारे सैन्य ताकत और अधिक मजबूत हुई है। नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद सैनिकों की वर्षों से लंबित मांग वन रैंक वन पेंशन को पूरा किया और आज लाखों सैनिकों को इस योजना का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में अपनी पहली दीवाली जम्मू-कश्मीर में सैनिकों के साथ मनाई थी और आज भी नरेन्द्र मोदी प्रत्येक वर्ष अपनी दीवाली सैनिकों के साथ ही मनाते हैं, जोकि नरेंद्र मोदी के सैनिकों के प्रति सम्मान और आदरभाव का जीता जागता उदाहरण है। सुरेश कश्यप ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के मेक इन इंडिया अभियान के कारण आज भारत आधुनिक हथियारों और अन्य सैन्य उपकरणों को बनाने में सक्षम है। आज का भारत सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक कर दुश्मनों को उनके घर में घुसकर ढेर करने का साहस रखता है और यह सब हमारे वीर सैनिकों के अदम्य साहस और प्रधानमंत्री की दृढ़ इच्छा शक्ति के कारण संभव हो पाया है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *