Spread the love

हमीरपुर।जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर बारुदी सुरंग फटने से शहीद हुए भोरंज तहसील के लगमनवीं क्षेत्र के गांव घुमारवीं के सैनिक कमल देव वैद्य का रविवार को पूरे राजकीय एवं सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। शहीद के चचेरे भाई (ताया के लड़के) बॉबी वैद्य ने मुखाग्नि दी।
इससे पहले शहीद का पार्थिव शरीर रविवार सुबह करीब 9 बजे सड़क मार्ग से उनके पैतृक गांव पहुंचाया गया। शहीद का पार्थिव शरीर घर पहुंचते ही समूचा घुमारवीं गांव कमल देव अमर रहे के नारों से गूंज उठा। विधायक एवं हिमाचल प्रदेश विधानसभा में उप मुख्य सचेतक कमलेश कुमारी, उपायुक्त देबश्वेता बनिक, एसपी डॉ. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन, एसडीएम राकेश शर्मा, डीएसपी शेर सिंह ठाकुर, अन्य अधिकारियों ने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित करके श्रद्धांजलि अर्पित की। थल सेना की डोगरा रेजिमेंट और कोर ऑफ इलैकटॉनिक्स एंड मैकेनिकल इंजीनियर्स के अधिकारियों ने भी पुष्प चक्र अर्पित करके शहीद कमल देव वैद्य को अंतिम विदाई दी। हिमाचल प्रदेश पुलिस की टुकड़ी ने भी हवा में फायर करके शहीद को अंतिम सलामी दी।
इस अवसर पर विधायक एवं उप मुख्य सचेतक कमलेश कुमारी, उपायुक्त देबश्वेता बनिक और अन्य अधिकारियों ने शहीद के पिता मदन लाल, माता, बड़े भाई देवेंद्र कुमार और अन्य परिजनों को ढांढस बंधाया तथा सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed