ऊना। ग्रामीण विकास, पंचायती राज व कृषि मंत्री वीरेंद्र कंवर ने सोमवार को ऊना जिले में कुटलैहड़ हलके की ग्राम पंचायत चंगर के हंडोला में शिवा प्रोजेक्ट के तहत एक हेक्टेयर भूमि पर 1750 उन्नत प्रजाति के अमरूद (श्वेता) के पौधे लगाकर पौधा रोपण का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने बताया कि शिवा प्रोजेक्ट के तहत प्रथम चरण में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र को चयन किया गया है।
कंवर ने कहा कि इस योजना के तहत कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के नौ अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन स्थलों को पाॅयलट के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें चार बगीचों में 6200 अमरूद, 4500 अनार व 1300 मौसमी प्रज्जातियों का पौधारोपण होगा। इस प्रोजैक्ट की देखभाल ढाई वर्ष तक बागवानी विभाग द्वारा की जाएगी। इसके उपरांत बागीचे को संबंधित बागवानों को सौंप दिया जाएगा। जंगली जानवरों और बंदरों से बागीचे की रक्षा के लिए विभाग द्वारा कम्पोजिट फैंसिंग की जाएगी, जिसमें धरातल से 5 फुट तक इंटर लिंक चेन फैंसिंग तथा उसके ऊपर दो फीट तक सोलर फैंसिंग भी लगाई जायेगी। उन्होंने बताया कि सोलर फैंसिंग के कारण 40 से 45 प्रतिशत वोल्टेज की बचत होगी। ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि शिवा प्रोजेक्ट में जल शक्ति विभाग के सहयोग से पौधों की सिंचाई के लिए बूंद-बूंद सिंचाई प्रणाली का प्रयोग किया जाएगा। इससे लगभग 40 से 45 प्रतिशत पानी की बचत होगी। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि शिवा प्रोजेक्ट का लाभ उठायें तथा मौसमी फसलों पर निर्भर रहने की बजाए कैश क्रॉप को अपनाए।
कंवर ने कहा कि कुटलैहड़ में पर्यटन की आपार संभावनाएं हैं। इस दृष्टि से कुटलैहड़ को विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों पैराग्लाडिंग का ट्रायल सफल रहा है। इससे आने वाले समय में जहां के स्थानीय लोगों को 3 माह की ट्रेनिंग देकर प्रशिक्षित किया जाएंगा तथा उन्हें स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि एचपी शिवा परियोजना का उद्देश्य फलदार पौधों की आधुनिक तथा वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देना है, जिससे किसानों की आर्थिकी को सुदृढ़ किया जा सके। इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष कृष्ण पाल शर्मा, मंडलाध्यक्ष मास्टर तरसेम लाल, प्रधान स्थानीय ग्राम पंचायत चंगर सुनील सहोता, एसडीएम बंगाणा विशाल शर्मा, उपनिदेशक बागवानी विभाग अशोक धीमान, मैनेजमेंट विशेषज्ञ केके भारद्वाज, जिला समंवयक एसएस चंदेल, वन विभाग से राहुल शर्मा, बीडीओ यशपाल सिंह परमार, सहित अन्य स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

