शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कांगड़ा समेत प्रदेश के अन्य जिलों में भारी बारिश व बादल फटने से हुए जानमाल के नुकसान पर दुःख जताया है। उन्होंने सरकार से प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद देने की गुहार लगाई है। उन्होंने कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से भी प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता करने को कहा है।
राठौर ने प्रशासन से धर्मशाला में बादल फटने से मारे गए व लापता हुए लोगों को जल्द ढूंढने की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के घर व अन्य सामान इस बाढ़ में बह गए हैं उन्हें तुरंत फौरी तौर पर आर्थिक मदद दी जानी चाहिए। साथ ही इनके लिए राहत शिविर भी स्थापित किए जाने चाहिए।
राठौर ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य सही ढंग से न किए जाने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बाढ़ से हुए नुकसान का पूरा आंकलन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंडी व कुल्लू जिलों में भी भारी बारिश से सड़कों को नुकसान पहुंचा है। इन सड़कों की भी तुरंत मुरम्मत की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिमला से ऊपरी क्षेत्रों की सड़कें पहले से ही खस्ता हालत में हैं। अब बरसात शुरू होते ही इनकी दयनीय स्थिति बनती जा रही है। ऐसे में इनके सुधार की भी बहुत आवश्यकता है।
राठौर ने कहा कि प्रदेश में जल्द ही सेब सीजन शुरू होने वाला है। बागवानों के लिए ट्रे, बक्से भी जल्द उपलब्ध करवाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि इस बार पहले ही सेब की फसल बहुत कम है, इसलिए बागवानों की फसल समय पर मंडियों में पहुंचे, इसके पूरे प्रबंध किए जाने चाहिए।
