Spread the love

शिमला शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने केंद्र सरकार के खुदरा और थोक व्‍यापारियों को सूक्ष्म, लघु एवं मध्‍यम उद्यम में शामिल करने के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 की दूसरी लहर के कारण आई दिक़्क़तों से खुदरा और थोक व्यापारियों पर पड़े असर को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने एमएसएमई के दायरे में लाने का फैसला किया है। 

भारद्वाज ने कहा कि इस फैसले से करोड़ों लोगों को लाभ होगा। खुदरा व थोक व्यापार प्रभावित होने से न केवल व्यापारी वर्ग, बल्कि उनके द्वारा दिया जा रहा प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार भी प्रभावित हुआ। ऐसे में यह फैसला न केवल व्यापारी वर्ग, बल्कि करोड़ों लोगों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि देशभर में 2.5 करोड़ से अधिक व्यापारियों को इस निर्णय का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार भी व्यापारियों की बेहतरी के लिए काम कर रही है। ऐसे में यह निर्णय संजीवनी साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जयराम ठाकुर सरकार भी व्यापारी वर्ग व कोरोना से प्रभावित अन्य लोगों के कल्याण के लिए विशेष ध्यान दे रही है। 

सुरेश भारद्वाज ने कहा कि इस ऐतिहासिक फैसले का खुदरा व थोक व्यापार क्षेत्र पर संरचनात्मक असर पड़ेगा। कोरोना की मार झेल रहे इस क्षेत्र को बेहतर वित्त विकल्प उपलब्ध हो सकेंगे, जिससे यह संगठित हो सकेगा। उन्होंने कहा कि अब संशोधित दिशानिर्देशों के तहत खुदरा और थोक व्यापार को भी भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के दिशानिर्देशों के अनुसार प्राथमिकता वाले क्षेत्र के तहत ऋण प्राप्त करने का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि संशोधित दिशा-निर्देशों के साथ अब खुदरा और थोक व्यापारियों को उद्यम पंजीकरण पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अनुमति होगी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *