Spread the love
शिमला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को राजधानी शिमला के टाउनहाॅल से प्रदेश में कोविड-19 प्रतिरक्षा टीकाकरण अभियान का शुभारम्भ किया।
इस अवसर पर मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब तक वैक्सीन की 27.45 लाख खुराकें लगाई जा चुकी है और प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में खुराकें उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि टीकाकरण के इस विशेष अभियान के अन्तर्गत 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों को प्रतिदिन लगभग एक लाख खुराकें लगाई जाएंगी। तीन दिवसीय इस विशेष अभियान के दौरान इस आयु वर्ग के लगभग तीन लाख लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों के लिए निःशुल्क टीकाकरण उपलब्ध करवाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि इस विशेष अभियान के तहत जनजातीय जिलों लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा जिले के पांगी क्षेत्र और शिमला जिला के दुर्गम क्षेत्र डोडरा-क्वार में शत-प्रतिशत जनसंख्या को कवर करने के लिए प्रतिदिन टीकाकरण सत्र आयोजित करके ऑन-स्पाॅट सत्रों के माध्यम से 25 जून, 2021 तक वैक्सीन की कम से कम पहली खुराक लगाई जाएगी, जिसके लिए यदि आवश्यक हुआ तो रविवार और अन्य छुट्टियों के दिन भी ऑन-स्पाॅट टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण के लिए पंजीकरण की शर्त में छूट देने का भी निर्णय लिया है, लेकिन यह प्रक्रिया शहरी क्षेत्रों में लागू रहेगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को मौके पर ही टीकाकरण के लिए अपना पंजीकरण करवाने की सुविधा मिलेगी।
शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. राजीव सैजल, महापौर नगर निगम शिमला सत्या कौंडल, उप-महापौर शैलेंद्र चौहान, उपायुक्त आदित्य नेगी, पुलिस अधीक्षक मोहित चावला, आयुक्त शिमला नगर निगम अशीष कोहली सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed