शिमला। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने शनिवार को राजभवन में रेडक्रॉस के माध्यम से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को 46 ऑक्सीजन कन्संट्रेटर तथा विभिन्न जिलों को कुल 950 ऑक्सीमीटर प्रदान किए। राज्यपाल ने राज्य रेडक्रॉस अस्पताल कल्याण शाखा की अध्यक्ष डॉ. साधना ठाकुर की उपस्थिति में स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी को 5 एल के 40 तथा 8 एल के 6 ऑक्सीजन कन्संट्रेटर प्रदान किए।
राज्यपाल ने शिमला के उपायुक्त आदित्य नेगी को 200 ऑक्सीमीटर भी प्रदान किए। इसके अतिरिक्त, ऊना को 200, सिरमौर को 200, चम्बा को 100, किन्नौर को 50, लाहौल-स्पीति को 50, सोलन को 50, कुल्लू को 50 तथा हमीरपुर को 50 ऑक्सीमीटर प्रदान किए। इससे पूर्व भी कांगड़ा और मंडी जिलों को राज्य रेडक्रॉस के माध्यम से क्रमशः 250-250 पल्स ऑक्सीमीटर दिए जा चुके हैं।
इस अवसर पर, राज्यपाल ने सुझाव दिया कि विभाग द्वारा दैनिक तौर पर जांच की संख्या को बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर आइसोलेशन केन्द्र स्थापित किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन ग्रामीण परिवारों में कोरोना रोगियों को अलग से सुविधा नहीं है, उनको इन केंद्रों को स्थापित करने से काफी लाभ होगा। राज्यपाल के सचिव राकेश कंवर तथा उप निदेशक स्वास्थ्य डॉ. रमेश भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
