Spread the love

शिमला। उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने कहा है कि एंबुलेंस, दवाओं और ऑक्सीजन की उपलब्धता से संबंधित शिकायतों के निवारण के लिए जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है। इसके तहत अतिरिक्त उपायुक्त शिमला को समिति का प्रभारी तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी शिमला, परियोजना अधिकारी डीआरडीए शिमला, जिला पंचायत अधिकारी शिमला, सचिव जिला रेडक्रॉस सोसाइटी शिमला को सदस्य नियुक्त किया गया है।
आयुक्त ने कहा कि जिला स्तरीय समिति दवा, ऑक्सीजन व एंबुलेंस संबंधित मुद्दों से निपटने के लिए राज्य स्तरीय समिति से लगातार संपर्क में रहेगी। उन्होंने बताया कि समिति निरंतर दवाओं, एंबुलेंस और ऑक्सीजन की उपलब्धता की स्थिति की समीक्षा करेगी तथा समिति होम आइसोलेशन में रखे गए मरीजो की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करेगी। उन्होंने बताया कि समिति द्वारा आवश्यकता पड़ने पर होम आइसोलेशन में मरीजों के परिवहन की व्यवस्था भी प्रदान करेंगी और इस उद्देश्य के लिए समिति को मरीजों को शिफ्ट करने और छोड़ने के लिए स्वीकृत दर के अनुसार टैक्सी किराए पर लेने का भी अधिकार होगा।
आदित्य नेगी ने बताया कि जिला आपातकालीन संचालन केंद्र शिमला (टोल फ्री नंबर 1077) दवाओं, ऑक्सीजन और एम्बुलेंस की उपलब्धता से संबंधित शिकायतों को प्राप्त करने के लिए सातों दिन 24 घंटे नोडल कार्यालय के रूप में संचालित होगा। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रोटोकॉल जिला आपातकालीन संचालन केंद्र के नोडल अधिकारी होंगे, जो संबंधित कार्य को संतोषजनक ढंग से निष्पादित करने के लिए कर्मचारियों का मार्गदर्शन करेंगे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *