Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा है कि कोरोना वायरस प्रदेश में एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस चुनौती से निपटने में भाजपा सरकार विफल रही है। उनका कहना था कि अगर समय रहते इसकी जांच और अन्य उपाय किए होते तो आज प्रदेश की ऐसी भयानक स्थिति न होती। उन्होंने कहा कि वैक्सीन की कमी ने इस महामारी को लेकर और भी चिंता बढ़ा दी है। अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी, बेड की कमी भी चिंता की बात है। 
वे वीरवार को शिमला जिले के ठियोग में अपना शहर अपना उत्तरदायित्व, अपना गांव अपना उत्तरदायित्व कार्यक्रम के तहत फ्रंट लाइन कोरोना योद्धाओं को स्वास्थ्य उपकरण प्रदान करने के दौरान बोल रहे थे। इस दौरान राठौर ने कोरोना योद्धाओं को पीपीई किट, सनीटाइजर, मास्क व हैंड ग्लव्स वितरित किए। इस दौरान राठौर ने कहा कि कोरोना महामारी से हम सबको एकजुट होकर लड़ना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कोरोना से प्रभावित किसी भी व्यक्ति या परिवार की हर प्रकार की मदद का जो बीड़ा उठाया है उसे वह सफलतापूर्वक पूरा कर रही है। 
कुलदीप राठौर ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में एक कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है व सभी जिलों व ब्लॉकों में गांधी हेल्पलाइन शुरू की गई है। इसके तहत कोई भी व्यक्ति या परिवार किसी मदद की गुहार लगाते हैं तो कांग्रेस पार्टी के स्वयंसेवी उसे पूरी मदद दे रहे हैं। उन्होंने कोरोना योद्धाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विपदा की इस घड़ी में लोगों की सेवा के लिए यह समाज उन्हें हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा कि पहली लहर के दौरान उन्होंने डॉक्टर, पैरा मेडिकल स्टाफ, आशा वर्कर्स को प्रोत्साहित किया था। अब वह इसकी पृष्ठभूमि में रहने वाले बिजली, पानी, बैंक कर्मी जो इस दौरान लोगों की सेवा में लगे हैं, उन्हें विशेष तौर पर प्रोत्साहित कर रहे हैं। 

कोरोना कर्फ्यू से लोग बेरोजगार व महंगाई से परेशान – राठौर 
राठौर ने कहा कि आज कोरोना कर्फ्यू के चलते बेरोजगारी व महंगाई से लोग परेशान है। सरकार के पास इससे निपटने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि किसानों व बागवानों की फसलें पूरी तरह तबाह हो गई है। डिपुओं से मिलने वाला राशन भी महंगा हो गया है और कारोबार पूरी तरह ठप पड़े हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से किसी भी वर्ग के लिए किसी भी राहत की कोई उम्मीद नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राजनीति कर अपना हित साधने में लगी है। भाजपा के लोग इस विपदा में भी अवसर तलाश रहे हैं। अस्पतालों में घटिया किस्म की दवाइयां और यूज़ किए गए ग्लव्स व अन्य उपकरण भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य से बड़ा खिलवाड़ किया जा रहा है। इस दौरान उनके साथ जिला शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत छाजटा, ब्लॉक अध्यक्ष कंवर नरेंद्र सिंह, ठियोग नगर परिषद के अध्यक्ष विवेक थापर, उपाध्यक्ष रीना रॉय, पार्षद अनिल ग्रोवर, नीतू मेहता के अतिरिक्त सुरेश नागटा, मोहित ठाकुर, निखिल सहगल, गौरव पंडित व राम लाल वर्मा व कई अन्य पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *