ऊना। कोविड-19 वायरस के इस कठिन दौर में कोरोना योद्धा लगातार अपने प्रयासों से हमें सुरक्षित रखने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। पिछले वर्ष अप्रैल माह से कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग के डॉ. संजीव धीमान ऐसे शख्स हैं, जो जिला ऊना में दिन रात अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।
पिछले एक माह से अधिक समय से डॉ. संजीव धीमान मेक शिफ्ट अस्पताल पालकवाह में तैनात हैं। यहां पर वह कोरोना संक्रमितों की सेहत पर निगरानी रखने के साथ-साथ उनमें सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने के लिए प्रयासरत रहे हैं। अपनी टीम के साथ मेहनत कर डॉ. संजीव, पालकवाह अस्पताल से 175 से अधिक मरीजों को स्वस्थ कर उन्हें घर भेज चुके हैं। यही नहीं, वह लगातार स्वस्थ हुए कोरोना संक्रमितों के संपर्क में भी रहते हैं और उनकी शंकाएं व समस्याओं का निवारण करने के लिए तत्पर भी। उनके प्रयासों से हर कोई प्रभावित है।
पालकवाह अस्पताल से स्वस्थ होकर गए सुरिंदर शर्मा ने बताया कि वे डॉ. संजीव धीमान के आभारी हैं, जिन्होंने अस्पताल में निरंतर कोरोना संक्रमितों का उत्साह बढ़ाया। वह और उनकी टीम लगातार प्रयास कर रही है जिससे बहुत से लोग कोरोना को मात देकर स्वस्थ हुए हैं। वे भी उनमें से एक हैं।
मेक शिफ्ट अस्पताल से पहले पालकवाह डेडिकेटिड कोविड केयर सेंटर था, जहां पर अत्याधिक कोरोना संक्रमण से ग्रस्त राज्यों से आने वाले व्यक्तियों को क्वारंटीन में रखा जाता था व उनके कोरोना टेस्ट किए जाते थे। डॉ. संजीव व उनकी टीम ने पालकवाह में 28 हजार से अधिक सैंपल लिए हैं।
डॉ. संजीव धीमान ने बताया कि कोरोना वायरस सभी के लिए एक नई तरह की चुनौती है। वे पहले दिन से कोविड-19 वायरस की रोकथाम के लिए कार्य कर रहे हैं। उनका कहना था कि इससे निश्चित रूप से परिवारिक जिंदगी प्रभावित होती है, लेकिन अभी परिवार से पहले फर्ज है, क्योंकि वैश्विक महामारी कोरोना को रोकने में स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों व अन्य टीम का एक बहुत बड़ा रोल है।
उधर, सीएमओ ऊना डॉ. रमण कुमार शर्मा भी डॉ. संजीव धीमान के प्रयासों से खुश हैं। वह कहते हैं कि पालकवाह मेक शिफ्ट अस्पताल में बतौर नोडल अधिकारी उनका प्रयास सराहनीय हैं।
