शिमला। केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट अफ़ेयर्स राज्यमंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि कोरोना महामारी की इस दूसरी लहर में ऑक्सीजन की उपयोगिता को देखते हुए केंद्र सरकार देशभर युद्धस्तर पर ऑक्सीजन उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि जहां देश में एक अप्रैल 2020 से पहले लगभग 1000 टन ऑक्सीजन की खपत होती थी, वहीं यह आंकड़ा बढ़कर अब 9000 टन तक पहुंच गया है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में विशेषकर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में कोरोना मरीज़ों को ऑक्सीजन की कोई कमी न आए, इसलिए वे अपने निजी प्रयासों से ऑक्सीजन बैंक बनाने की दिशा में प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि इस संसदीय हलके में 300 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, 3 ऑक्सीजन प्लांट व 200 ऑक्सीजन सिलेंडरों को मिलाकर जल्द एक ऑक्सीजन बैंक, जोकि 700 बेडों को निर्बाध रूप से आक्सीजन सप्लाई करने में सक्षम होगा, की स्थापना का कार्य शुरू हो गया है। इस ऑक्सीजन बैंक की स्थापना होने से कोरोना के ख़िलाफ़ लड़ाई को मज़बूती मिलेगी। अनुराग ठाकुर ने कहा कि कोरोना महामारी की पहली और दूसरी लहर में जरूरतें बदली, तो उनके हिसाब से प्राथमिकताएं भी बदलने पड़ी हैं। उन्होंने कहा कि जहां पिछले वर्ष पहली लहर में मास्क, सैनिटाइजर, पीपीई किट के साथ-साथ ज़रूरतमंद लोगों को राशन उपलब्ध करवाना जरूरी लग रहा था, वहीं इस बार दूसरी लहर में ऑक्सीजन सिलेंडर और ऑक्सीजन प्लांट की व्यवस्था सुनिश्चित व सुचारू रूप से करना अत्यधिक आवश्यक साबित हुआ। ठाकुर ने कहा कि ऑक्सीजन से जुड़े उपकरणों की उपयोगिता को देखते हुए उन्होंने अपने निजी प्रयासों से प्रदेश के सभी ज़िलों में 6,000 ऑक्सीजन मास्क, 3,200 एनआरएम, 1,500 ऑक्सीजन रेगुलेटर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में 105 ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराए हैं।
