शिमला। शिमला स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 968 करोड़ रुपए शिमला नगर में विभिन्न विकास कार्यों पर व्यय किए जाएंगे। इसके तहत 600 करोड़ रुपए के विभिन्न कार्यों का क्रियान्वयन सक्रियता से किया जा रहा है। यह बात शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने सोमवार को शिमला नगर में स्मार्ट सिटी के तहत किए जा रहे विभिन्न कार्यों का निरीक्षण करने के बाद कही।
सुरेश भारद्वाज ने कहा कि यह निर्माण कार्य प्रदेश सरकार के विभिन्न विशेषज्ञ विभागों द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन कार्यो के पूरा होने पर जहां लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेगी, वहीं सौन्दर्य व पर्यटन की दृष्टि से भी यह योजना अत्याधिक लाभदायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट काल के कारण अवश्य कार्यों की पूर्ति में समय लगा है, लेकिन विभागीय दक्षता एवं अधिकारियों की तत्परता से इन कार्यों को जल्द पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके तहत जहां शिमला के विभिन्न क्षेत्रों में बुक कैफे, सड़कों को चौड़ा करने, यात्रियों को पैदल चलने के लिए आकर्षक पैदल मार्ग, ओवर हैड पुलों तथा रज्जू मार्गों के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शिमला नगर के अलग अलग क्षेत्रों में किए जा रहे हैं।
सुरेश भारद्वाज ने सब्जी मंडी का दौरा कर वहां बन रही 109 दुकानों के निर्माण संबंधी जांच व जानकारी भी ली। उन्होंने इन दुकानों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा दीवार आदि के निर्माण को शीघ्र पूर्ण करने के संबंध में भी अवश्यक दिशा निर्देश जारी किए। उन्होंने घोड़ा अस्पताल के समीप आवासीय निर्माण कार्य के संबंध में इसके जल्द निर्माण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए तथा वहां बनने वाले रास्ते के निर्माण के संबंध में नगर निगम के अधिकारियों को भी शीघ्र निर्माण के लिए कहा। उन्होंने आज छोटा शिमला, टाॅलेंड, टिम्बर हाउस, लिफ्ट तथा अन्य क्षेत्रों का दौरा कर कार्यों का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी शिमला स्मार्ट सिटी आबिद हुसैन, आयुक्त नगर निगम आशीष कोहली, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग सुरेश कपूर, संयुक्त आयुक्त नगर निगम अजीत भारद्वाज, प्रबंध निदेशक रोप-वे काॅरपोरेशन अजय शर्मा, अधीक्षण अभियंता हिमुडा अंजूरी कपूर, अधिशासी अभियन्ता रोपवे रोहित ठाकुर, अधिशासी अभियंता लोनिवि सुधीर गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
