नाहन। जिला दण्डाधिकारी सिरमौर डॉ. परूथी ने आदेश जारी करते हुए बताया कि श्री साई अस्पताल एवं ट्रामा सेन्टर नाहन में कोरोना मरीजों की सुविधा के लिए 18 बेड की व्यवस्था की गई है, जिसमें केन्द्रीय ऑक्सीजन आपूर्ति सहित 16 बेड व ऑक्सीजन कंसट्रेटर सहित 2 बेड उपलब्ध होंगे।
डीसी ने बताया कि यह निर्णय क्लीनिकल समिति के सदस्य, जिसमें मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिरमौर डॉ. केके पराशर व प्राचार्य डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज द्वारा श्री साई अस्पताल में निरीक्षण करने के उपरान्त समिति द्वारा किए गए सिफारिश के बाद लिया गया है।
डीसी ने बताया कि प्रशासन ने दैनिक आधार पर उपयोग हो रहे उपकरणों के अनुसार श्री साई अस्पताल में बेड के शुल्क निर्धारित किए है। जिसमें वेन्टीलेटर के साथ ऑक्सीजन सप्लाई सहित दैनिक भोजन की व्यवस्था सहित 8 हजार रूपये तय किए गए है। इसके अतिरिक्त केवल आक्सीजन की आवश्यकता वाले रोगियों के लिए प्रति बेड 3 हजार रूपये भोजन सहित तय किए गए है जबकि पीपीई कीट, एन-19 मास्क व तीन स्तरीय मास्क व कोविड मरीजों को दी जाने वाली दवाइयां मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय द्वारा उपलब्ध करवाएं जाएंगे।डॉ. परूथी ने बताया कि श्री साई अस्पताल में ईलाज करवा रहे मरीजों का निःशुल्क ईलाज किया जाएगा जबकि अस्पताल को एसडीआरएफ प्रावधान के तहत शुल्क उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके अतिरिक्त कोरोना मरीजों के इलाज संबंधी कार्यों के लिए श्री साई अस्पताल व मुख्य चकित्सा अधिकारी द्वारा एक-एक नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे ताकि कोरोना संक्रमित मरीजों को किसी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
