शिमला। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने प्रदेश में कॉलेज छात्रों को प्रमोट किए जाने के बाद भी अभी तक उनके रिजल्ट न निकाले जाने को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति गहरी नाराजगी जताई है। एनएसयूआई की प्रदेश कार्य कार्यकारिणी की शनिवार को हुई बैठक में इस संबंध में चर्चा की गई और आगामी रणनीति पर चर्चा की गई। एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव व हिमाचल प्रभारी गौरव तुशीर इस बैठक में विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रदेशाध्यक्ष छत्तर ठाकुर की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई इस बैठक में प्रदेश व जिला पदाधिकारियों के द्वारा पिछले किए गए कार्यों की समीक्षा सहित आने वाले समय में संगठन के कार्यक्रमों की रणनीति तैयार की गई।
एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष छत्तर ठाकुर और प्रदेश संगठन महासचिव मनोज चौहान ने कहा कि कोरोना काल के शुरू से ही एनएसयूआई ने स्टूडेंट प्रमोशन को लेकर एक निर्णायक आन्दोलन खड़ा किया था, जिसके परिणामस्वरूप प्रशासन ने इस छात्र आन्दोलन के आगे झुककर छात्रों को प्रमोट करने की अधिसूचना जारी करनी पड़ी। लेकिन अभी तक इन छात्रों के रिजल्ट पोर्टल पर उपलब्ध नहीं हो पाए हैं, जबकि अगले सत्र की परीक्षाएं सिर पर है। उन्होंने विवि प्रशासन से मांग की कि सभी विद्यार्थियों के परिणाम जल्द से जल्द बिना किसी देरी के घोषित किए जाएं। इस बैठक में विशेष रूप से शिरकत करने आए एनएसयूआई राष्ट्रीय सचिव व प्रदेश प्रभारी गौरव तुशीर ने राज्यपाल से हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति को तत्काल प्रभाव से हटाए जाने की मांग की है। उनका आरोप है कि वीसी की नियुक्ति नियमों के खिलाफ की गई है और नियुक्ति के खिलाफ एक याचिका पर हाईकोर्ट में लंबित है।
