Spread the love
शिमला। पूर्व मुख्य संसदीय सचिव व जुब्बल-नावर-कोटखाई के पूर्व विधायक रोहित ठाकुर ने कहा है कि चार नगर निगमों के चुनावों में जनता ने भाजपा सरकार को आईना दिखा दिया है। उन्होंने कहा कि यह जन बल की जीत और धन बल की हार है।
रोहित ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्रिमण्डल के गली-गली में उतरने के बावजूद सोलन, पालमपुर में कांग्रेस ने जहां भाजपा को कड़ी शिकस्त देते हुए स्पष्ट बहुमत के साथ जीत हासिल की, वहीं धर्मशाला में किसी भी दल को बहुमत नहीं मिला है। मुख्यमंत्री मात्र अपने गृह जिला में ही लाज बचा सके हैं। उन्होंने कहा कि जनता का भाजपा सरकार से मोहभंग हो चुका है और नगर निगम चुनाव परिणामों से स्पष्ट है कि जनता ने भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने का मन बना लिया है।
ठाकुर ने आज यहां कहा कि डबल इंजन की सरकार की जनविरोधी नीतियों से जहां मंहगाई अपनी चरम सीमा पर है, वहीं हर वर्ग का भाजपा के प्रति भारी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि आज किसान सड़क पर आ चुका है और प्रदेश के ढाई लाख कर्मचारियों का सरकार से मोहभंग हो चुका है। प्रदेश सरकार बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलाने में विफ़ल रही है, जिससे प्रदेश के युवाओं में भाजपा सरकार के प्रति भारी आक्रोश पनप चुका है। उनका कहना था कि बेरोजगारी दर ने पिछले 45 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पैट्रोल-डीज़ल के दाम 100 रुपए तक पहुंच गए हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश में पिछले तीन वर्षों में एक-दो विधानसभा क्षेत्र को छोड़कर पूर प्रदेश में विकास पर पूर्ण विराम लग चुका है। रोजगार की बात हो या विकासात्मक योजनाओं की, भाजपा सरकार ने चुनिंदा क्षेत्रों को ही प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में जिला शिमला के साथ भाजपा सरकार का सौतेला व्यवहार रहा है। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिकी चौपट हो चुकी है और डबल इंजन की सरकार जुमलों और झूठी घोषणाओं तक ही सीमित रही। रोहित ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एकजुटता और कार्यकर्ताओं के दृढ़ निश्चय के साथ विधानसभा चुनाव 2022 में जनता जनार्दन का आशीर्वाद प्राप्त करेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *