Spread the love

शिमला। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीरवार को वीडियो काॅन्फ्रेंस के माध्यम से देश में कोविड-19 की उभरती स्थिति और टीकाकरण अभियान की समीक्षा के लिए राज्यों के मुख्यमंत्रियों, उप राज्यपालों और प्रशासकों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिमला से वीडियो काॅन्फ्रेंस में भाग लिया।
प्रधानमंत्री ने राज्यों से परीक्षण सुविधाएं बढ़ाने के अलावा ट्रेसिंग और उपचार पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया। उन्होंने टीकाकरण बढ़ाने और वैक्सीन का न्यूनतम अपव्यय सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया। गृह मंत्री अमित शाह ने वीडियो काॅन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया और बैठक का संचालन किया। उन्होंने कहा कि भारत वैक्सीन की प्रतिदिन 31 लाख डोज प्रदान कर रहा है जो कि अमेरिका से भी अधिक है। उन्होंने कहा कि इस माह की 5 तारीख को एक ही दिन में 43 लाख लोगों का टीकाकरण किया गया।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. हर्ष वर्धन, राज्यों के मुख्यमंत्रियों, उप राज्यपालों और प्रशासकों ने वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग में भाग लिया। भारत सरकार के स्वास्थ्य सचिव ने कोविड-19 की स्थिति और देश में टीकाकरण अभियान की प्रगति पर प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि देश में वैक्सीन का पर्याप्त मात्रा में भंडार उपलब्ध है और नौ करोड़ लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डाॅ. राजीव सैजल, मुख्य सचिव अनिल खाची, अतिरिक्त मुख्य सचिव जेसी शर्मा और स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी मुख्यमंत्री के साथ शिमला में उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed