Spread the love

करसोग। कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई में अपना योगदान देने और सरकार का सहयोग करने के लिए सीनियर सेकेंडरी स्कूल करसोग की एनएसएस यूनिट भी आगे आई है। स्कूल के एनएसएस वॉलिंटियर्स ने नई पहल करते हुए स्कूल की एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी शकुंतला सैनी की अगुवाई व दिशा-निर्देशों में इस बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करने और बचाने के लिए “अपना गांव, अपने लोग, इन्हें जागरूक बनाना है, महामारी से बचाना है” नामक अभियान शुरू किया है।
एनएसएस वॉलिंटियर्स द्वारा यह अभियान अपने अपने घरों के आसपास ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जा रहा है।  जिसके तहत स्वयंसेवी अपने घरों में मास्क तैयार कर रहे हैं और उन्हें फिर अपने व आसपास  के गांव में लोगों को वितरित कर रहे हैं।  गांव के लोगों को मास्क  का प्रयोग करने के लिए प्रेरित भी कर रहे हैं। इसके साथ ही स्वयंसेवी  लोगों को खेतों में कार्य करने सहित हर स्थान पर सरकार के  निर्देशानुसार सोशल डिस्टेंसिंग  को बनाए रखने के लिए भी जागरूक कर रहे हैं।

35 से 40 एनएसएस वॉलिंटियर्स जुड़े हैं अभियान से

एनएसएस वॉलिंटियर्स का यह अभियान करसोग शहरी क्षेत्र के बाहर ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहा है। इसमें यूनिट के लगभग 35 से 40 स्वयंसेवी अपने-अपने घरों के आसपास के क्षेत्रों में लोगों को इस बीमारी के प्रति जागरूक करने में जुटे हैं। इस अभियान के तहत एनएसएस वॉलिंटियर्स द्वारा विभिन्न गांव में अब तक 500 से ज्यादा मास्क तैयार कर वितरित किए जा चुके हैं।

हर स्वयंसेवी ने निर्धारित किया है 50 से लेकर 100 मास्क बनाने का लक्ष्य

अभियान से जुड़ कर विभिन्न गांव में कार्य कर रहे स्वयंसेवियो करोल गांव की अंजली, अनिता पंजराट गांव की प्रिया, अंजली, मधु, सपना, कुटी गांव की तमन्ना, बरल गांव की आरती, तारावती, कुन्नू गांव के होम कृष्ण, रमण, सनाना गांव से दिनेश, सुष्मिता, नितिन इत्यादि ने बताया कि इस अभियान को सभी वॉलिंटियर्स ने स्कूल एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी की प्रेरणा व दिशा निर्देशों के तहत अपने अपने गांव में शुरू किया गया है। स्वयंसेवी खुद घर पर मास्क  तैयार कर रहे हैं और उन्हें गांव के लोगों को वितरित कर रहे हैं। प्रत्येक स्वयंसेवी ने 50 से लेकर 100 मास्क तैयार कर गांव के लोगों को उपलब्ध करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, ताकि कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के खिलाफ इस लड़ाई में सरकार का सहयोग करने के साथ-साथ अपने सामाजिक दायित्व को भी हम सब निभा सके।

यह कहना है शकुंतला सैनी का

सीनियर सेकेंडरी स्कूल करसोग की एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर शकुंतला सैनी के मुताबिक स्कूल की एनएसएस यूनिट के वॉलिंटियर्स ने कोरोना महामारी के खिलाफ इस लड़ाई में सरकार का सहयोग करने और सरकारी दिशा निर्देशों को आम लोगों तक पहुंचाने का निर्णय लिया है। इसके तहत एनएसएस यूनिट ने अपना गांव, अपने लोग, इन्हें जागरूक बनाना है, महामारी से बचाना है, नामक अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत स्वयंसेवी अपने घरों में रहकर ही मास्क तैयार कर रहे हैं और उन्हें गांव के लोगों को वितरित कर रहे हैं। इसके अलावा लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए विभिन्न कार्य करने के लिए जागरूक कर रहे हैं। अब तक स्वयंसेवियो द्वारा लगभग 500 से ज्यादा मास्क तैयार कर लोगों को उपलब्ध करवाए जा चुके हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *