Spread the love

महाविद्यालय शाहपुर में एचपीयू इंटर कॉलेज फुटबॉल चैंपियनशिप

शाहपुर। राजकीय महाविद्यालय शाहपुर में आयोजित एचपीयू इंटर कॉलेज फुटबॉल चौंपियनशिप के समापन समारोह में मंगलवार को शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने तथा हिमाचल प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए विशेष प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करना और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बेहतर सुविधाएं एवं प्रोत्साहन उपलब्ध करवाना है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की है। ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक एवं पैरालंपिक में स्वर्ण पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि 3 करोड़ से बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये, रजत पदक के लिए 2 करोड़ से बढ़ाकर 3 करोड़ रुपये तथा कांस्य पदक के लिए 1 करोड़ से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये की गई है।

पठानिया ने कहा कि एशियाई खेलों एवं पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेताओं को अब 50 लाख रुपये के स्थान पर 4 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेताओं को 2.50 करोड़ रुपये तथा कांस्य पदक विजेताओं को 1.50 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जा रही है। राष्ट्रमंडल एवं पैरा राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी की गई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश से बाहर खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए यात्रा सुविधाओं को भी बेहतर बनाया गया है। उत्कृष्ट खिलाड़ियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए 3 प्रतिशत खेल कोटा निर्धारित किया गया है और वर्ष 2024 से अब तक 99 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को रोजगार प्रदान किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि 20वें एशियाई खेलों में कबड्डी में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला टीम की हिमाचली खिलाड़ी पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने एक-एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी रेणुका ठाकुर को भी उनकी शानदार उपलब्धियों के सम्मान में एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान करने की घोषणा की गई है।

पठानिया ने कहा कि प्रदेश के युवा खेल प्रतिभाओं से भरपूर हैं। सरकार की ओर से खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, सम्मान और प्रोत्साहन देकर हिमाचल प्रदेश को खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने विजेता एवं उप-विजेता टीमों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके उपरांत उन्होंने विजेता एवं उप-विजेता टीमों को पुरस्कृत किया। उन्होंने खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक वृद्धि करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी जताया।

इस चौंपियनशिप में प्रदेश के 20 महाविद्यालयों के करीब 300 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में एमसीएम डीएवी कॉलेज कांगड़ा विजेता रहा, जबकि राजकीय महाविद्यालय सोलन उप-विजेता तथा राजकीय महाविद्यालय ऊना तीसरे स्थान पर रहा।

इस अवसर पर बीएमओ शाहपुर डॉ. कविता ठाकुर, राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के प्राचार्य डॉ. राकेश पठानिया, लंज के डॉ. संजय शर्मा, प्रधानाचार्य शमशेर भारती,अधिशाषी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, बीईईओ अरविंद धीमान, कांग्रेस जिला महासचिव अजय बबली, बीओडी एचआरटीसी विवेक राणा, उत्तम चम्बियाल, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, भटियात कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष विजय कंवर, स्थानीय प्रधान सुरेश, बिंदु राणा, कैप्टन बली राम, मनीष पटियाल, केवल कृष्ण शर्मा एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *