Spread the love

सुंदरनगर। मंडी जिले के सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के डैहर में प्रदेश की कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों, विकास कार्यों में ठहराव और बदहाल व्यवस्थाओं के खिलाफ भाजपा ने विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जम्वाल ने सुक्खू सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार की नाकामी अब कागजों और सरकारी दावों तक सीमित नहीं है, बल्कि धरातल पर साफ दिखाई दे रही है। सड़कें बंद हैं, बस रूट ठप हैं, स्वास्थ्य सुविधाएं चरमरा गई हैं, विकास कार्य रुके हुए हैं, लेकिन सुक्खू सरकार मस्त है और जनता त्रस्त है।

राकेश जम्वाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार सत्ता में आने से पहले जनता से बड़े-बड़े वादे करके सत्ता में आई थी, लेकिन सत्ता संभालने के बाद विकास को गति देने के बजाय प्रदेश की व्यवस्थाएं लगातार कमजोर होती चली गईं। आज हालात यह हैं कि बारिश और भूस्खलन के कारण सड़कें बंद हो रही हैं, ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क टूट रहा है और लोगों को अपने जरूरी कामों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई क्षेत्रों में बस रूट प्रभावित होने के कारण विद्यार्थियों, कर्मचारियों, बुजुर्गों और आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

जम्वाल ने कहा कि सड़क और परिवहन की समस्या का सीधा असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ रहा है। जब सड़कें बंद हों और परिवहन व्यवस्था चरमरा जाए तो मरीजों का अस्पताल पहुंचना मुश्किल हो जाता है। दूसरी ओर प्रदेश के अस्पतालों में डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ, दवाइयों और आवश्यक सुविधाओं को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र की वास्तविक स्थिति सुधारने के बजाय केवल घोषणाओं और प्रचार तक सीमित दिखाई दे रही है। 

भाजपा मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र भी सरकार की इस अनदेखी का खामियाजा भुगत रहा है। डैहर और आस-पास के क्षेत्रों की जनता सड़क, परिवहन, स्वास्थ्य और विकास से जुड़ी समस्याओं को लेकर परेशान है। जनता की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाने के बावजूद सरकार की ओर से स्थायी समाधान के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए जा रहे। इसी कारण आज डैहर में जनता का आक्रोश विरोध प्रदर्शन के रूप में सामने आया है।

राकेश जम्वाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार को सत्ता में आए पर्याप्त समय हो चुका है। अब सरकार यह बहाना नहीं बना सकती कि उसे काम करने के लिए समय चाहिए। जनता जानना चाहती है कि सरकार ने अपने कार्यकाल में कौन सा नया बड़ा विकास कार्य शुरू किया है। आज स्थिति यह है कि सड़कें बंद, बस रूट बंद, विकास कार्य बंद और स्वास्थ्य सुविधाएं चरमराई हुई हैं, लेकिन सरकार के पास जनता को बताने के लिए उपलब्धियों के नाम पर कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के समय स्वीकृत और शुरू किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के बजाय वर्तमान सरकार ने विकास की गति को रोकने का काम किया है। सरकार के कार्यकाल में नए काम का एक नया पत्थर तक नहीं लगा, जबकि भाजपा सरकारों द्वारा शुरू किए गए कार्यों और परियोजनाओं को अपना बताकर प्रचारित करने में कांग्रेस सरकार पीछे नहीं रहती। 

राकेश जम्वाल ने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी प्रदेश में सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि जीवन की सबसे बड़ी जरूरत हैं। सड़क बंद होने से पूरा क्षेत्र प्रभावित होता है। किसान अपनी उपज बाजार तक नहीं पहुंचा पाता, विद्यार्थी शिक्षण संस्थानों तक नहीं पहुंच पाते और मरीज समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाते। सरकार को इस गंभीर स्थिति को समझना होगा और सड़क बहाली के साथ-साथ स्थायी समाधान की दिशा में काम करना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार को यह भी बताना चाहिए कि आपदा और मानसून से निपटने के लिए उसकी तैयारियां कहां हैं। हर वर्ष बारिश आती है, लेकिन सरकार हर बार आपदा आने के बाद ही जागती है। यदि सरकार ने समय रहते पर्याप्त तैयारी की होती तो जनता को इतनी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।

भाजपा विधायक ने कहा कि डैहर का यह विरोध प्रदर्शन सरकार के खिलाफ जनता के बढ़ते आक्रोश का स्पष्ट संकेत है। अब जनता केवल आश्वासन नहीं चाहती, बल्कि धरातल पर काम चाहती है। सरकार को सत्ता का अहंकार छोड़कर जनता के बीच जाना चाहिए और उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता की आवाज को दबने नहीं देगी। सड़क, स्वास्थ्य, परिवहन और विकास से जुड़े हर मुद्दे को सरकार के सामने मजबूती से उठाया जाएगा। जनता को भाषण नहीं, सड़क चाहिए; आश्वासन नहीं, स्वास्थ्य सुविधाएं चाहिए; घोषणाएं नहीं, जमीन पर विकास चाहिए।

राकेश जम्वाल ने कहा कि सुक्खू सरकार को अब भी समय रहते चेत जाना चाहिए। जनता की मूलभूत सुविधाओं से खिलवाड़ बंद करके विकास कार्यों को गति देनी होगी। अन्यथा आज डैहर से उठी जनता की आवाज आने वाले समय में पूरे प्रदेश में सरकार के खिलाफ बड़े जनआक्रोश का रूप लेगी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *