नारकंडा। कांग्रेस से राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं ठियोग-कुमारसेन के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने रविवार को हिमाचल प्रदेश में सेब की बागवानी की नींव रखने वाले महान दूरदर्शी सत्यानंद स्टोक्स की जयंती पर नारकंडा में उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें सादर नमन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के बागवानों ने भी इन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर राठौर ने कहा कि सत्यानंद स्टोक्स ने हिमाचल की पहाड़ियों में सेब की पौध लगाकर एक नई कृषि क्रांति का सपना देखा था। उनका यह सपना आज लाखों बागवानों की मेहनत, समृद्धि और हिमाचल प्रदेश की पहचान बन चुका है। सेब की बागवानी ने प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ हजारों परिवारों को आजीविका का आधार भी प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि स्व. स्टोक्स का योगदान केवल सेब की खेती तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने हिमाचल के भविष्य को लेकर दूरदर्शी सोच के साथ ऐसी मजबूत नींव रखी, जिसका लाभ आज कई पीढ़ियां उठा रही हैं। उनकी दूरदृष्टि और संघर्ष ने हिमाचल में बागवानी के क्षेत्र को नई दिशा दी। राठौर ने कहा कि सत्यानंद स्टोक्स की दूरदृष्टि, संघर्ष और समर्पण सदैव हिमाचल प्रदेश के लोगों और बागवानों को प्रेरणा देता रहेगा।
