Spread the love

शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने रविवार को शिमला के रिज मैदान पर भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का हिमाचल प्रदेश से विशेष लगाव था। वह मनाली स्थित अपने आवास पर समय-समय पर छुट्टियां बिताने आते रहते थे। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी सबको साथ लेकर चलने की राजनीति में विश्वास रखते थे, जो वर्तमान समय में कम देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धापूर्वक याद कर रहा है। मुख्यमंत्री ने उनके देश और प्रदेश के विकास में दिए योगदान को भी याद किया। 

इस दौरान सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के कलाकारों ने देशभक्ति के गीतों का गायन किया।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, नगर निगम शिमला के महापौर सुरेन्द्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, पार्षदगण, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप, नगर निगम शिमला के आयुक्त सचिन कंवल सहित अन्य गणमान्यों ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

पेपर लीक के मुद्दे पर भाजपा पर निशाना

बाबा रामदेव द्वारा पेपर लीक और नौकरियों में कथित घोटाले को लेकर दिए गए बयान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर बाबा रामदेव ने ऐसी टिप्पणी की है तो कुछ न कुछ गलत बात जरूर होगी। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार के कार्यकाल में कोई पेपर लीक नहीं हुआ है। साथ ही कहा कि बाबा रामदेव को भी तुरंत प्रभाव से आंदोलन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पेपर लीक करने और बेचने वाले लोग आज भी जेल की सलाखों के पीछे हैं।

मुख्यमंत्री ने पिछली भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए पुलिस भर्ती पेपर लीक और कर्मचारी चयन आयोग में पेपर बेचने के आरोपों का जिक्र किया। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा सरकार के समय पेपर लीक क्यों होते थे और कहा कि इसका मतलब है कि उस समय सरकार की नीयत ठीक नहीं थी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *