रिकांगपिओ। आगामी भारत-चीन व्यापार सत्र की तैयारियों के मद्देनजर मिनी सचिवालय पूह के सम्मेलन कक्ष में स्थानीय व्यापारियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सहायक उपायुक्त किन्नौर विपन कुमार ने की।
बैठक में भारत-चीन व्यापार से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। सहायक उपायुक्त ने आयात एवं निर्यात किए जाने वाले उत्पादों की रेखांकित सूची से संबंधित जानकारी अधिकारियों को दी, ताकि स्थानीय पंजीकृत व्यापारियों को पारंपरिक उत्पादों के व्यापार में किसी प्रकार की बाधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि जूते, याक एवं पश्मीना ऊन के आयात तथा हथकरघा शॉल, कृषि उपकरण और आयुर्वेदिक दवाइयों के निर्यात के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि तहसीलदार पूह भीम सिंह नेगी को ट्रेड ऑफिसर नियुक्त किया गया है। स्थानीय व्यापारियों का पुलिस सत्यापन पूर्ण होने के बाद उन्हें ट्रेड परमिट जारी किए जाएंगे, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा सके।
बैठक के दौरान नमज्ञा-शिपकिला सड़क की वर्तमान स्थिति तथा 72 लाख रुपये की लागत से निर्मित छुपप्न ट्रेड मार्ट की प्रगति और उपयोगिता को लेकर भी संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की गई।
इस अवसर पर लुधियाना कस्टम के सहायक आयुक्त मुकेश कुमार मीणा, तहसीलदार पूह भीम सिंह नेगी, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक गुरु लाल नेगी, पूह व्यापार संघ के अध्यक्ष हिसे नेगी सहित अनेक स्थानीय व्यापारी उपस्थित रहे। वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से डीजीएफटी नई दिल्ली के सहायक निदेशक आदित्य सिंह तथा जितेंद्र कुमार भी बैठक में शामिल हुए।
