Spread the love

 लोक निर्माण मंत्री ने चियोग-टियाली-धमांदरी-सैंज सड़क तथा टियाली-नहोल संपर्क सड़क का किया निरीक्षण

 टियाली, नहोल, बलग, ददास, धमांदरी पंचायत क्षेत्र तथा नंगल देवी रहईघाट क्षेत्र के लोगों की समस्याएं भी सुनी 

शिमला। हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि फागू से चियोग-टियाली-धमांदरी-सैंज संपर्क सड़क की अपग्रेडेशन पर 20 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जा रही है, जिसका निर्माण कार्य प्रगति पर है। वे सोमवार को निर्माणाधीन चियोग-टियाली-धमांदरी-सैंज सड़क का निरीक्षण तथा टियाली-नहोल संपर्क सड़क की डंपिंग साइट का निरीक्षण करने के बाद टियाली में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। 

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि फागू से आने वाली चियोग-धमांदरी-सैंज सड़क काफी पुरानी सड़क है और आवश्यकतानुसार समय-समय पर मेटलिंग-टारिंग होती रहती है, लेकिन क्षेत्र के लोगों की मांग ओर ट्रैफिक की बढ़ती समस्या के कारण इस क्षेत्र की सड़क को अपग्रेड करना आवश्यक था, जिसका निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि इस सड़क को अपग्रेड करते समय जहां भी डंगे लगने हैं उन स्थलों पर गुणवत्ता के आधार पर समयावधि के भीतर सड़क कार्य एवं डंगे लगाने का कार्य पूर्ण किया जाएगा जिसके लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर दिशा निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की मांग पर शाकीलधार से नहोल संपर्क सड़क का निर्माण किया जाएगा जिस पर 7 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी। 

लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में समान विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सड़कों के निर्माण पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बसेवड़ा धार से बखारी खड्ड तक एम्बुलेंस रोड बनाने, टियाली में आयुर्वेदिक पीएचसी के नए भवन के निर्माण में हो रही देरी का शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण करवाने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने टियाली-नहोल सड़क पर ठेकेदार द्वारा की गई डंपिंग को चैक करने के  विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यदि डंपिंग चिन्हित स्थानों पर नहीं हुई है तो डीएफओ ठियोग नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करें। 

उधर, धमांधरी में जनसभा को संबोधित करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उन्हें पिछले दिनों इस क्षेत्र के प्रसिद्ध सरयाली मेले में आना था, लेकिन केरल में आयोजित सेमिनार में जाना पड़ा,  जिस कारण मेले मे नहीं आ सका। उस समय क्षेत्र के लोगों से बात कर उन्होंने वादा किया था कि ठियोग क्षेत्र के विकास को तीव्रता प्रदान करने एवं विभिन्न सड़कों के लिए राशि मुहैया करवाने के लिए जरूर आऊंगा। उन्होंने कहा कि आप लोगों के बीच में आज आने का मौका मिला है। 

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि स्थानीय विधायक के साथ मिलकर ठियोग क्षेत्र का विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण यशवंत नगर-छैला-नेरीपुल सड़क की अपग्रेडेशन के लिए 200 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इस सड़क के बनने से सैंज, छैला, कोटखाई तथा जुब्बल व रोहड़ू सहित ऊपरी क्षेत्र के लोगों को आवाजाही तथा सेब मार्किट तक पहुंचाने की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि थरोटी से धमांदरी तथा धमांदरी से शरयाना संपर्क सड़कों को अपग्रेड किया जाएगा, जिसके लिए उन्होंने अधिकारियों को प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी आह्वान किया कि वह शीघ्र गिफ्ट डीड देना सुनिश्चित करें ताकि सड़कों को अपग्रेड किया जा सके। 

वहीं, रहीघाट में जनसभा को संबोधित करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण में ठियोग विधानसभा क्षेत्र के लिए 16 सड़कें अवार्ड हुई हैं। उन्होंने कहा कि पिछली बरसात के दौरान रहीघाट ठियोग सड़क काफी धस गई थी, जिसे रिकॉर्ड 52 घंटों में ब्रिज सहित तैयार कर आवाजाही को सुचारू किया गया। उन्होंने कहा कि मतियाना से छैला वाया कोटखाई 26 किलोमीटर सड़क जो लगभग 15 पंचायतों से होकर जाएगी, पर 38 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन सड़क का मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन होने के कारण कार्य नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि नंगलदेवी से नलेयां सड़क का आज निरीक्षण किया गया, जिसकी हालत बहुत खराब है। उन्होंने कहा कि इस सड़क की पुनः मेटलिंग-टारिंग कार्य के लिए बजट का प्रावधान कर लिया गया है। आने वाले समय में इस सड़क का भी सुधार किया जाएगा। 

लोक निर्माण मंत्री ने टियाली, नहोल, बलग, ददास, धमांदरी पंचायत क्षेत्र तथा नंगल देवी रहीघाट क्षेत्र के लोगों की समस्याएं भी सुनी और अधिकारियों के सहयोग से अधिकतर समस्याओं का समाधान भी सुनिश्चित किया। 

इस अवसर पर एसडीएम ठियोग डॉ. शशांक गुप्ता, डीएफओ ठियोग मुनीश रामपाल, पूर्व जिला परिषद सदस्य राजेश कंवर, नगर निगम ठियोग के पूर्व अध्यक्ष एवं समस्त कार्यकारिणी, पंचायत समिति सदस्य ऊषा वोटका, वरिष्ठ कार्यकर्ता  बनीता वर्मा, स्थानीय ग्राम पंचायत टियाली की पूर्व प्रधान सुमन वर्मा एवं जयराम, नहोल पंचायत के पूर्व प्रधान भक्त राम, बलग़ पंचायत पूर्व प्रधान प्रिया वंदना सिंह, ददास पंचायत पूर्व प्रधान वीरेंद्र, पूर्व प्रधान धमांदरी शशिकला, पूर्व उपप्रधान चमन  शर्मा, भूपेंद्र भांदेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी आसपास की पंचायत के पूर्व पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *