कहा – भाजपा ने 18 लाख साधारण सदस्य बनाए और सभी 171 मंडलों में बनाई हैं समितियां
भाजपा का बूथ से लेकर राज्य स्तर तक का संगठनात्मक ढांचा आज बनकर हो जाएगा तैयार
शिमला। हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने दावा किया है कि अभेद्य संगठन के दम पर भाजपा प्रदेश में अगला विधानसभा चुनाव जीतेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राज्य में 18 लाख साधारण सदस्य बनाए हैं और सभी 171 मंडलों में कार्य समितियों का भी गठन किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश के 8007 पोलिंग बूथों में से 7870 बूथों में 11-11 सदस्यीय समितियों का गठन भी किया है। उन्होंने कहा कि इन्हीं सदस्यों और संगठन के दम पर भाजपा वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव जीतेगी। वे सोमवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे।
डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा ने अपने सदस्यता अभियान के तहत प्रदेश में 18 लाख से अधिक साधारण सदस्य बनाए हैं। इसके अलावा 27 हजार सक्रिय सदस्य भी बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जबकि कांग्रेस सिर्फ नेताओं तक सिमट कर रह गई है। उन्होंने कहा कि दो सांसदों से शुरू हुई भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। इसके विपरीत कांग्रेस, जिसके कभी पांच सौ सांसद होते थे, आज सिमटती जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश में संगठन को मजबूत करने की शुरुआत कर दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 18 लाख ऑनलाइन साधारण सदस्य बनाए हैं, जबकि 27 हज़ार सक्रिय सदस्य बनाए गए हैं। इन दोनों ही प्रकार के सदस्यों का पूरी तरह से सत्यापन भी किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 8007 पोलिंग बूथों में से 7870 पोलिंग बूथों पर पार्टी की 11 सदस्यीय बूथ कमेटियां गठित की हैं। इन बूथों पर 89646 कार्यकर्ता बनाए गए हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने अपने मंडलों की संख्या 74 से बढ़कर 171 कर दी है। इन सभी मंडलों की कार्य समितियों का गठन भी कर दिया गया है। इन मंडल स्तरीय कार्य समितियों में 3408 पदाधिकारी बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि कार्य समितियों में 7587 सदस्य बनाए गए हैं। इनमें से 3532 अनुसूचित जाति, जनजाति और ओबीसी वर्ग से सदस्य बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा के सभी 17 संगठनात्मक जिलों में जिला कार्य समितियों का मंगलवार तक चयन कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन संगठनात्मक जिलों में कार्य समितियां गठित करने की प्रक्रिया भी आरंभ हो गई है।
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि पार्टी के 17 संगठनात्मक जिलों में 255 पदाधिकारी नामित होंगे, जबकि 874 कार्य समिति सदस्य बनाए जाएंगे। इनमें से 513 सामान्य वर्ग से, जबकि 358 महिलाएं और 258 सदस्य अनुसूचित जाति, जनजाति व अन्य पिछड़ा वर्ग से बनेंगे। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी का बूथ से लेकर राज्य स्तर तक का ढांचा 5 अगस्त को बनकर तैयार हो जाएगा।
भाजपा स्वतंत्रत दिवस पर निकालेगी हर मंडल में तिरंगा यात्रा
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि 15 अगस्त को भाजपा अपने सभी 171 मंडलों में तिरंगा यात्रा निकालेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी 13 से 15 अगस्त तक हर-घर तिरंगा अभियान चलाएगी। इसके अलावा 14 अगस्त को पार्टी विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाएगी। इस दौरान लोगों को बताया जाएगा कि उस दौरान कैसे पलायनऔर कत्लेआम हुआ था। इसके लिये पार्टी कार्यक्रम आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी 9 अगस्त को रक्षाबंधन के मौके पर हर बूथ पर “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम के तहत 11-11 पौधे रोपित करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सभी 171 मंडलों में तिरंगा यात्रा निकलेगी।
