शिमला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के बाद संगठन में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। इस ऐतिहासिक दिन के बाद अटल टनल जब लोगों को प्रधानमंत्री द्वारा समर्पित की गई है, इससे आने वाले समय में हिमाचल में पर्यटन को पंख लगेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर मानते हैं और हिमाचल को वह दिल से प्यार करते हैं। उन्होंने कहा कि अटल टनल के उद्घाटन के बाद आज सही मायने में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई जी का सपना पूरा हुआ है। कश्यप ने कहा कि प्रदेश भाजपा द्वारा सभी 74 मंडलों में इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को देखा गया, जिसमें 10,000 से अधिक लोगों ने भाग लिया और सोशल मीडिया में तो अटल टनल का हैश टैग देश में नंबर वन पर ट्रेंड किया गया। प्रदेश की जनता में नरेंद्र मोदी को लेकर बहुत क्रेज देखने को मिला है।
कांग्रेस नेताओं की बेबुनियादी बयानबाजी का जवाब देते हुए सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा उत्साहवर्धक रहा है। यह अटल टनल 10 हजार फीट पर दुनिया की सबसे लम्बी हाई-वे टनल है, जिसे प्रधानमंत्री ने राष्ट्र को समर्पित किया है और यह टनल हिमाचल के लिए किसी सौगात से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि आज जहां पूरा प्रदेश इस अटल टनल के बनने की खुशी मना रहा है, वहीं विपक्ष के नेता इसमें भी राजनीति करने से गुरेज नहीं कर रहे हैं, जोकि बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। इस टनल के बनने से जनजातीय क्षेत्र के लोगों को पूरे वर्ष बिना किसी बाधा के अपना कार्य कर सकेंगे और हमारी सेना को भी सीमावर्ती क्षेत्रों में पहुंचने में आसानी होगी। साथ ही इस टनल के माध्यम से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और जनजातीय क्षेत्र के लोगों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
सुरेश कश्यप ने कहा कि जिस राजनैतिक दल की सत्ता होती है उसके कार्यकर्ता ज्यादा उत्साहित होते हैं, जिससे कांग्रेस के नेता घबरा गए हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में भाजपा सरकार ने सभी नेताओं को इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया था। उनका कहना था कि कांग्रेस की ओर से नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, विक्रमादित्य सिंह, सुंदर ठाकुर, आशीष बुटेल और अन्य नेतागण भी आए थे तथा उनके लिए बैठने की उचित व्यवस्था थी और कुर्सियों पर बाकायदा विधायकों के नामों की स्लिप भी लगाई गई थी।
राठौर आंखों पर काली पट्टी लगाकर बैठे
सुरेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर आंखों पर काली पट्टी लगाकर बैठे हैं। उन्हें दिखता नहीं है कि केंद्र सरकार ने अभी तक हिमाचल प्रदेश की कितनी आर्थिक सहायता की है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 काल के चलते भरपूर आर्थिक सहायता केंद्र से प्रदेश को दी गई थी और अभी तक 3000 करोड़ से अधिक की आर्थिक सहायता प्रदेश को प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसी कार्यक्रम का राजनीतिकरण नहीं करती। केवल समाज सेवा में विश्वास करती है। उनका कहना था कि कांग्रेस को यह मान लेना चाहिए कि अगर कांग्रेस इस अटल टनल को बनाती तो यह कार्य 2040 तक ही पूरा हो पाता, क्योंकि 2013 तक केवल 1.5 किलोमीटर सड़क का निर्माण हुआ था, कांग्रेस ने कभी भी इस टनल के प्रति रुचि नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि आज यह केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सकारात्मक कार्य की देन है कि अटल टनल की ताकत देश-विदेश तक पहुंची है।
