शिमला। शिमला जिले के जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोट-कायना से संबंध रखने वाले जुब्बल-कोटखाई भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के दो मर्तबा मण्डल अध्यक्ष, भाजपा जिला महासू अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व सचिव व वर्तमान में भाजपा प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अनन्त लाल केस्टा व ग्राम पंचायत जय पीढ़ी माता से संबंध रखने वाले जुब्बल-कोटखाई भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व मण्डल अध्यक्ष व वर्तमान में भाजपा जिला महासू अनुसूचित जाति के उपाध्यक्ष शक्ति सिंह ब्राक्टा ने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की कार्यशैली से प्रभावित होकर कांग्रेस पार्टी में विश्वास व्यक्त किया है।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने अनन्त लाल केस्टा व शक्ति सिंह ब्राक्टा का माला पहनाकर कांग्रेस पार्टी में स्वागत किया। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुब्बल-नावर-कोटखाई के पूर्व अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा व नगर पंचायत जुब्बल के पूर्व उपाध्यक्ष राजिन्दर मांटा भी उपस्थित रहे।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुब्बल-नावर-कोटखाई के पूर्व अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा ने अनन्त लाल केस्टा व शक्ति सिंह ब्राक्टा का कांग्रेस पार्टी पर विश्वास व्यक्त करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि इन दोनों नेताओं को कांग्रेस पार्टी में पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा।
