Spread the love

बिलासपुर। नगर नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने सोमवार को मल्यावर भटोली के पास गोविंद सागर झील के किनारे बनाए गए इंटेक और ट्रीटमेंट प्लांट के साथ-साथ औहर मे बन रहे टूरिजम कॉपलेक्स का दौरा किया। इस दौरे के दौरान उन्होंने क्षेत्र में विकसित की जा रही चार बड़ी जल योजनाओं और सिंचाई परियोजना की जानकारी साझा की। इन चारों योजनाओं पर लगभग 100 करोड़ रुपये खर्च किये जाएंगे। उन्होंने बताया कि घुमारवीं क्षेत्र के लिए तीन पेयजल योजनाए जिनमें भटोली से मल्यावर त्यून खास के लिए, इसके साथ ही दूसरी योजना भटोली से करलोटी-कपाहडा के लिए, तीसरी नगर परिषद घुमारवीं के लिए नाल्टी के समीप सोर्स से, तथा घुमारवीं क्षेत्र के लिए सिचाई योजना औहर, रांईयां, पल्थी, सेपड़ा, मझौण, मझासू, नाल्टी क्षेत्र के  लिए कन्दौर पूल के पास से बनाई जा रही है।

धर्माणी ने बताया कि इन चार योजनाओं के तहत कपाहड़ा, करलोटी, भराड़ी, त्यूण खास, रोपा फटोह, हवाण, तल्याणा और मल्यावर जैसे क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही मल्यावर क्षेत्र के लिए एक सिंचाई योजना भी विकसित की जा रही है, जो किसानों की जरूरतों को पूरा करेगी। उन्होंने बताया कि योजनाओं का इंटेक एक ही स्थान पर बनाया गया है। इससे न केवल संचालन व्यय कम होगा, बल्कि प्रबंधन भी अधिक सुगम और व्यवस्थित रहेगा। उन्होंने बताया कि इस पहल से क्षेत्र के लोगों को बेहतर पेयजल और सिंचाई की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि इन चारों योजनाओं पर लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत आएगी। सरकार का लक्ष्य है कि सभी परियोजनाएं 31 मार्च 2025 तक पूर्ण कर जनता को समर्पित कर दी जाएं।

राजेश धर्माणी ने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के लोगों को पेयजल संकट से राहत मिलेगी। सिंचाई की सुविधा मिलने से किसानों की उत्पादकता में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि यह विकास कार्य क्षेत्र के लोगों  के जीवनस्तर को सुधारने के साथ क्षेत्र के समग्र विकास में भी सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने सम्बधि अधिकारियों को निर्देश दिये कि परियोजना को समय पर पूरा किया जाए ताकि इसका लाभ जल्द से जल्द क्षेत्र के लोगों को मिल सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करना सरकार की प्राथमिकता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *