Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में लालू और राबड़ी की सरकार का आभास हो रहा है। ऐसा प्रतीत होता है कि हिमाचल प्रदेश की सरकार एक ही परिवार के हाथ में खेल रही है और प्रदेश के मित्र इस परिवार के माध्यम से भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि है और देवभूमि में इस तरह का प्रचलन ज्यादा देर नहीं चलता है। 

भारद्वाज ने मुख्यमंत्री से पूछा कि क्रशर पॉलिसी क्यों चेंज की गई। उन्होंने कहा कि यह अभी तक एक बहुत बड़ा प्रश्न चिन्ह है? उन्होंने कहा कि इस बदलाव से कहीं न कहीं भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला है और मुख्यमंत्री ने अपने ही एक रिश्तेदार को इस बदलाव के माध्यम से बड़ा फायदा पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कभी इस सरकार के खिलाफ पत्र बम निकलता है, तो कभी खाद्य आपूर्ति विभाग में भ्रष्टाचार के आरोप सामने आते हैं और इस प्रकरण की इनक्वारी के बाद मामले को दबाने के लिए 72 लाख की पेनल्टी लगाई जाती है। 

संदीपनी भारद्वाज ने सरकार के मित्रों से पूछा कि किन परिस्थितियों में 25 रुपए प्रति फुट बिकने वाला रेता 90 रुपए फुट तथा बजरी तीन गुना महंगी हो गई। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के तुरंत बाद प्रदेश में ऐसा होने लगा था। क्या यह घोटाला नहीं था? संदीपनी ने सभी उस समय की कमेटियों में मुख्यमंत्री के करीबी लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्पष्ट करें कि सरकार के अंदर मंत्री, सीपीएस और विधायकों से जुड़े हुए रिश्तेदारों के कुल कितने क्रशर हैं। उन्होंने कहा कि जिस समय सब क्रशर बंद थे, उस समय सत्ताधारी लोगों के क्रशर बंद क्यों नहीं हुए थे।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि झूठ, फरेब, धोखा इस सरकार के तीन यार हैं और यह मित्रों की सुक्खू सरकार है। उन्होंने कहा कि जब से कांग्रेस की सरकार हिमाचल प्रदेश में आई है, झूठ बोलने का प्रचलन बढ़ गया है। अनेकों और अनगिनत ऐसे उदाहरण हैं जब लगातार मुख्यमंत्री और उनके मित्र झूठ बोलकर जनता को ठगने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी योजना बनती है तो उसमें केवल मात्र जनता को धोखा मिलता है और धोखे के साथ-साथ फरेब साथ मुफ्त मिलता है। संदीपनी ने दावा किया की यह सरकार पूरी तरह से असंतुलित है और यह मित्रों की सरकार कभी भी गिर सकती है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *