मंडी। अपने विधानसभा क्षेत्र सिराज की पंचायत मझोठी के स्वास्थ्य केंद्र प्रांगण में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने श्रमदान किया। इस दौरान उन्होंने करीब एक घंटा भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों के साथ स्वास्थ्य केंद्र के परिसर और रास्तों में झाड़ू लगाते हुए सफाई की।
इस मौके उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आज पूरा देश इस अभियान से जुड़ा है। स्वच्छता अब हर व्यक्ति का दायित्व बन गया गया है। आज दुनिया भर में प्रधानमंत्री मोदी के इस अभियान को सराहना मिल रही है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने से पहले देश के कई प्रमुख शहरों में कूड़े के ढेर लगे होते थे और अब किसी शहर में ऐसा नहीं है। लोग स्वयं इस अभियान का हिस्सा बनकर दूसरों को भी जागरूक कर रहे हैं। हमें खुशी है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बताए मार्ग पर चलते हुए पूरा देश इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करवा रहा है। प्रदेशवासियों से भी हमारा निवेदन है कि प्रधानमंत्री के इस आह्वान को जन जन तक पहुंचाएं और अपने सुंदर प्रदेश को दाग न लगने दें। देवभूमि हिमाचल अतिथि देवो भव की परम्परा को कायम रखते हुए बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी ये संदेश दे कि यहां स्वच्छ वातावरण में देवी देवताओं का वास है इसलिए यहां स्वच्छता में हमारा भी सहयोग दें।
इससे पूर्व जयराम ठाकुर ने ग्राम पंचायत देवधार, सलाहर, बस्सी और खारसी के दौरे के दौरान ग्राम पंचायत के अंर्तगत आने वाले विभिन्न गांवों के लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि यहां पर सूक्खू सरकार द्वार डिनोटिफ़ाई किए गए संस्थानों की वजह से लोगों को बहुत समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को छोटे-छोटे काम के लिए भी मीलों दूर जाना पड़ रहा है। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि भाजपा की सरकार आते ही बंद किए ये संस्थान फिर से बहाल कर देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता की मांग पर ही ये संस्थान खोले थे, लेकिन इस सरकार ने दुर्भावना के साथ इन्हे बंद किया है।
मझोठी पंचायत में बोलते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि आपदा के बाद 48 घंटे में ही बिजली पानी की सेवाएं बहाल कर दिया। उन्होंने कहा कि दो महीने बाद मुख्यमंत्री कहीं भी जाकर देख लें, अभी भी हालात सामान्य नहीं हुए हैं। सड़कें बंद होने की वजह से बसें तक नहीं चल रही हैं। लोगों को टैक्सियां करके आना-जाना पड़ रहा है। जिससे आपदा के इस दौर में लोगों को अलग से पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार को यह झूठ बोलने की आवश्यकता नहीं थी, लेकिन उन्होंने फिर भी झूठ बोला। उन्हें लग रहा है कि झूठ बोल के भी काम चलाया जा सकता है तो काम करने की क्या आवश्यकता है। कांग्रेस ने महाझूठ बोलकर सरकार बना ली। इसलिए अब झूठ बोलना उनकी आदत बन गई है। अब यह झूठ नहीं चलने वाला है। इसके पहले भी सरकारें आई थी। सरकार और विपक्ष में मुद्दों को लेकर लड़ाइयां रहती थी, लेकिन कभी भी किसी के खोले संस्थान किसी ने बंद किए क्योंकि संस्थान वहां के लोगों की भलाई के लिए खोले गये थे।
इस दौरान उनके साथ मझोठी वार्ड के जिला परिषद सदस्य रजनी ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, भाजपा नेता गुलजारी लाल, किशोर, सिराज मण्डल कि युवामोर्चा अध्यक्ष मुकेश मैडी, मझोठी के प्रधान नेकराम राणा, उपप्रधान नीलम शर्मा उपस्थित रहे।
