Spread the love
शिमला। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा मामले व खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने रविवार को भारतीय खेल प्राधिकरण के उच्च शिखर प्रशिक्षण केंद्र शिलारू में नवनिर्मित 6 लेन वाले 200 मीटर सिंथेटिक ट्रैक का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण कार्य लगभग 3 करोड़ रुपए से पूर्ण किया गया है तथा यह प्रदेश का पहला 6 लेन वाला सिंथेटिक ट्रैक है जहां पर खिलाड़ियों को इसकी सुविधाएं उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि पहले यह केंद्र हॉकी के लिए जाना जाता था और अब यह केंद्र सिंथेटिक ट्रैक के लिए भी जाना जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की मांग अनुरूप भारतीय खेल प्राधिकरण शिलारू में अब स्थानीय खिलाड़ियों को भी खेलने की अनुमति प्रदान की जाएगी ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को भी खेल मैदान का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि देश में आज खिलाड़ियों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं प्रदान की जा रही है जिसके बदौलत आज विश्व में देश का खेल जगत में डंका बज रहा है।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि भारत सरकार ने इस वर्ष पूरे देश में 1000 खेलो इंडिया सेंटर खोलने का निर्णय लिया है जो एक साल के भीतर पूर्ण किए जायेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भी इन सेंटर को खोला जाएगा ताकि प्रदेश के खिलाड़ियों को भी इसका लाभ प्राप्त हो सके।
केंद्रीय मंत्री ने कहा के प्रदेश सरकार द्वारा यदि जमीन उपलब्ध की जाती है तो प्रदेश के हर जिले में क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने भारतीय खेल प्राधिकरण को इस केंद्र को विकसित करने के लिए एक विस्तृत रोडमैप तैयार करने को कहा ताकि खिलाड़ियों को यहां पर हर प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध हो सके।

लोक निर्माण, युवा सेवाएं व खेल विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शिलारू में स्थित उच्च शिखर प्रशिक्षण केंद्र 1986 में बनाया गया था जिसके निर्माण में पूर्व मंत्री विद्या स्टोक्स का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ावा देना हमारी सरकार की प्राथमिकता है और इसी दृष्टि से प्रदेश सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से हम प्रदेश में खेल को और आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के साथ तालमेल बिठा कर हम इस प्रदेश को आगे ले जायेंगे ताकि यहां के लोगों को हर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

लोकसभा सांसद सुरेश कश्यप ने स्वागत सम्बोधन प्रस्तुत किया और सिंथेटिक ट्रैक की सौगात के लिए केंद्रीय मंत्री का धन्यवाद किया।
विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने सिंथेटिक ट्रैक की सौगात के लिए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह सौगात इस क्षेत्र के खिलाडियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने खेल जगत से जुड़ी प्रमुख मांगें केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखी, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने विचार करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर विधायक बलबीर वर्मा, पूर्व विधायक सुरेश भारद्वाज, स्थानीय पंचायत प्रधान रीता, भारतीय खेल प्राधिकरण निदेशक कर्नल राज सिंह विश्नोई सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed