शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने शिमला नगर निगम शहरी चुनाव के 18 वार्डों की जन सम्पर्क कमेटी के गठन को अपनी मंजूरी दे दी है।
मजेदार बात यह है कि इस कमेटी में शिमला शहर के विधायक हरीश जनारथा के करीबियों को कोई स्थान नहीं मिला है। इससे विधायक और पार्टी के बीच कुछ ठीक नहीं लग रहा।
प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री रजनीश किमटा ने जन संपर्क कमेटी की अधिसूचना जारी कर दी है।इसमें पूर्व विधायक हरभजन सिंह, आदर्श सूद, जिलाध्यक्ष शहरी जितेंद्र चौधरी, पूर्व महापौर जैनी प्रेम, मनोज कुमार, नरेंद्र कटारिया के अतिरिक्त पूर्व उप महापौर शशि शेखर चिन्नू, दुर्गा सिंह वर्मा, कांग्रेस सचिव अरुण शर्मा व आंनद कौशल को इस कमेटी में शामिल किया गया है। इसके अतिरिक्त जिला कांग्रेस कमेटी शिमला शहरी के सभी अग्रणी संगठनों के प्रमुख इस जन सम्पर्क समिति के नामित सदस्य भी होंगे।
