धर्मशाला। प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा में मंगलवार को एसपी शालिनी अग्रिहोत्री ने कार्यभार संभाला। इससे पहले शालिनी अग्रिहोत्री ने जिला मंडी में पुलिस अधिक्षक की सेवाएं दी। पुलिस अधिक्षक पदभार संभालने के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए एसपी शालिनी अग्रिहोत्री ने कहा कि जिला में ड्रग्स के मामलों को कैसे डील करना है, ड्रग डीलर्स को कैसे पकड़ा जाए, युवाओं को नशे से कैसे दूर किया जाए, इसको लेकर पुलिस अधिकारियों से बैठक कर फीडबैक लेकर रणनीति बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस को भी आम जनता के सहयोग की जरूरत रहती है, विशेषकर नशे के खिलाफ। जहां भी नशा कारोबार हो रहा है या कोई नशा कारोबार से जुड़ा है तो ऐसी सूचनाएं पुलिस को मिलें तो निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाती है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी शालिनी अग्रिहोत्री जिला कांगड़ा में एएसपी के रूप में सेवाएं दे चुकी हैं।
एक सवाल के जवाब में उन्होने कहा कि देहरा से डाडासीबा और संसारपुर टैरस के लिए रिस्पांस टाइम बहुत ज्यादा है, ऐसे में पुलिस की प्रेजेंस हर जगह सुनिश्चित हो, इसके लिए प्रयास किए जाएंगे। धर्मशाला जिला मुख्यालय में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी ने कहा कि धर्मशाला एक मशहुर शहर है, इस शहर की सुरक्षा को लेकर कई चैलेंज रहते हैं, जिनका सामना करते हुए हम आगे बढ़ेंगे। जिला भर में विभिन्न पुलिस थाना व उपमंडल स्तर पर जो पुलिस टीमें व अधिकारी हैं, उनसे फीडबैक लेकर जिला में बेहतर माहौल देने का प्रयास किया जाएगा।
