शिमला। विधानसभा चुनाव में मत प्रतिशतता बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग खास जागरूकता अभियान चलाएगा। इसके लिए जिला उपायुक्तों को दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। हिमाचल के कई शहरों में मतदाम कम हो रहा है। उधर, आयोग विधानसभा चुनाव में मतदान के लिए मौसम का भी खास ध्यान रखेगा। वहीं, 80 साल से अधिक आयु के बुजुर्गों को घर पर ही वोट डालने की सुविधा दी जाएगी। आयोग चुनाव में शराब व पैसा बांटने पर भी कड़ी नजर रखेगा। इसके लिाए अलग से एक ऐप तैयार की गई है। भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने शनिवार को शिमला में पत्रकारों से यह बात कही।
राजीव कुमार ने कहा कि मतदान के लिए कर्मचारियों व छात्रों को अवकाश दिया जाता है, लेकिन फिर भी मतदान करने कम लोग पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि वोट बनाने का काम करने वाले बीएलओ भी इस बात हैरान हैं कि वोट बनाने के बाद भी लोग मतदान करने कम आते हैं। उन्होंने कहा कि अब जिला निर्वाचन अधिकारियों को इस बारे निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल के शहरी क्षेत्रों में मतदान में कमी आ रही है। शिमला, धर्मपुर, सोलन व कसुंपटी विधानसभा क्षेत्र में मतदान कम हो रहा है। विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशतता बढ़ाने के लिए लोगों को बड़े स्तर पर जागरूक किया जाएगा। इसके लिए
अधिकारियों के साथ हुई बैठक में चर्चा की गई है।
राजीव कुमार ने कहा कि ऐसे वरिष्ठ नागरिक जिनकी आयु 80 साल या उससे अधिक की है वह व्यक्ति अगर पोलिंग बूथ पर वोट डालने नहीं जाना चाहते तो अपने घर से वोट डाल सकेंगे। इसके लिए उन्हें 5 दिन पहले संबंधित चुनाव अधिकारी को सूचित करना होगा। नामांकन वापस लेने के बाद उन्हें एक फॉर्म दिया जाएगा। चुनाव विभाग के अधिकारियों की देखरेख में वह अपना वोट डाल सकेंगे इसकी बाकायदा वीडियोग्राफी भी होगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान करने से पहले मौसम का भी खास ध्यान रखा जएगा।
ईवीएम हैक करने की संभावना नहीं
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि ईवीएम को हैक करने कोई संभावना नहीं है। ईवीएम का प्रयोग वर्ष 2002 से किया जा रहा है। अब तक ईवीएम में करीब 360 करोड़ वोट डाले जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों पर वीवीपैट की मिलान मतगणना से की जा रही है। ईवीएम में किसी भी तरह की गड़बड़ नहीं की जा सकती है।
हिमाचल में 53,88,409 मतदाता
राजीव कुमार ने कहा कि हिमाचल में मतदाताओं की संख्या 53 लाख 88 हजार 409 है। इनमें पुरूष मतदाता संख्या 27 लाख 23 हजार 840 है। वहीं महिला मतदाताओं की संख्या 26 लाख 64 हजार 549 है। इसमें 80 साल से ऊपर वाले मतदाताओं की संख्या 1 लाख 27 हजार 662 है। 100 वर्ष से अधिक मतदताओं की संख्या 1294 है। वहीं, 54, 775 दिव्यांग मतदाता हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में सामान्य वर्ग के लिए 48 सीटें हैं। अनुसूचित जाति के लिए 17 और अनुसूचित जनजाति के लिए 3 सीट आरक्षति हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि हिमाचल विधानसभा चुनाव के लिए कुल 7881 मतदान केंद्र बनाए जा रहे हैं। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों में 7235 और शहरी क्षेत्रों में 646 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इसके अलावा 4 हजार पोलिंग बूथ पर वैब कास्टिंग की व्यवस्था की गई है। उनका कहना था कि 142 पोलिंग बूथों पर केवल महिला कर्मचारी की तैनाती की जाएगी। इन बूथों पर महिला पुलिस ही तैनात रहेगी।
