Spread the love
शिमला। कांग्रेस विधायक व प्रदेश कांग्रेस महासचिव विक्रमादित्य सिंह ने जयराम सरकार पर आजादी के अमृत महोत्सव के नाम पर पार्टी का चुनाव प्रचार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा नेता अपनी इन सभाओं में अपनी पार्टी का बखान करते हुए लोगों से वोट मांग रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर सरकारी तंत्र के दुरुपयोग व अमृत महोत्सव के 50 करोड़ के बजट को पार्टी कार्यक्रमों पर खर्च करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश के लोगों को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रही है।
विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा पर धर्म की आड़ में लोगों की भावनाओं को आहत करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने एक भाजपा नेत्री के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भगवान शिव की उपाधि देने की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा देश में लोगों की धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने की कोशिश कर रही है, जो बहुत ही निंदनीय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इन दिनों प्रदेश में अपने दौरो के दौरान बड़ी-बड़ी घोषणाएं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनावों के समय अब उपमंडल व कई अन्य कार्यालय खोलने की घोषणाएं हो रही हैं। उनका कहना था कि सरकार के पास पैसा नहीं है और खजाना खाली पड़ा है। कर्मचारियों को उनका हक तक नहीं दिया जा रहा है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में विधानसभा चुनावों की बेला में मुख्यमंत्री उड़न खटोले में दौरे कर रहे हैं। भारी बारिश के चलते सड़कों का बुरा हाल है। सेब बहुल इलाकों में मुख्य सड़कों के साथ-साथ सम्पर्क सड़कें बहुत ही खस्ता हालत में हैं। उन्होंने कहा कि सेब बागवानों की कोई सुध नहीं ली जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की उपेक्षा के चलते प्रदेश की सबसे बड़ी सेब आर्थिकी पर आज संकट के बादल छा गए हैं।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री अब जितनी मर्जी घोषणाएं कर ले, लोग उनके किसी भी झांसे में आने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने इस कार्यकाल में कोई भी ऐसा जन कल्याण का कार्य नहीं किया, जिससे लोग उन्हें वोट दे। उन्होंने कहा कि चार उप चुनावो में लोगों ने भाजपा को करारी शिकस्त देकर भाजपा को भविष्य का आईना दिखा दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही जन कल्याण कार्यो को प्रमुखता से आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस चुनावों में किए अपने सभी वादों को पूरा करेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *