शिमला। कांग्रेस नेता व विधायक रोहित ठाकुर ने मंगलवार को यहां भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा किप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुना करने की बात कही थी। लेकिन आज हकीकत इसके विपरीत है। उन्होंने कहा कि आज 2022 में आमदनी तो दोगुना नहीं हुई, लेकिन कृषि पर आने वाली लागत दोगुना से भी ज्यादा बढ़ी है। इससे किसानों बागवानों की रोजी रोटी पर संकट आ गया है।
रोहित ठाकुर ने मंगलवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि राज्य में सेब सीजन शुरू हो चुका है और उन्हें सरकार की उपेक्षा के चलते सेब की पैकेजिंग सामग्री महंगी दरों पर लेनी पड़ रही है। आज स्थिति यह है कि यह दोगुना महंगी हुई है। उधर, सेब नें सेब के दाम बढ़ने की जगह गिरे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब वर्तमान डबल इंजन वाली भाजपा सरकार के उदासीन रवैये के कारण हुआ है। उन्होंने कहा कि बीते दो सालों में ही पैकिंग सामग्री में 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार कार्टन में 10 से 15 रुपए, जबकि प्रति बंडल ट्रे के दाम 250 रुपए तक बढ़े हैं।
रोहित ठाकुर ने सेब की पैकेजिंग सामग्री पर जीएसटी में छूट को अव्यवहारिक बताते हुए कहा कि सरकार ने बागवान को अनेकों औपचारिकताएं पूरी करने की शर्त लगाई है। इससे खासकर छोटा बागवान 500 से 1000 रुपए के क्लेम के लिए आवेदन तक नहीं कर पाएगा, क्योंकि ऐसी जटिल शर्तों को पूरा करने पर पर इतनी रकम खर्च हो जाएगी।
रोहित ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार ने खाद, कीटनाशक व फफूंदनाशकों पर मिलने वाली सब्सिडी खत्म करके बागावनों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया है। इससे सेब में उपयोग होने वाली खाद में एक साल के भीतर 24 फीसदी से 42 फीसदी की वृद्धि हुई है। वहीं, पोटाश के दाम 100 फीसदी बढ़े है। बीते साल एनपीके 12:32:16 का मूल्य 1185 रुपए प्रति बैग था, जो इस बार 1470 रुपए, 15:15:15 का मूल्य पिछले वर्ष 1060 रुपए से बढ़कर 1500 रुपए कर दिया गया हैं। इसी तरह कीटनाशक और फफूंदनाशक भी महंगे किए गए है।
ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में पूरे जिला शिमला की सड़कों की घोर उपेक्षा हुई है।सड़कों के निर्माण के लिए सीआरएफ के तहत प्रदेश को 941 करोड़ मिले, जिसमें जिला शिमला को फूटी-कौड़ी तक नहीं मिली। पीएमजीएसवाई के तहत जुब्बल-नावर-कोटखाई की एक भी योजना स्वीकृत नहीं हुई। रोहित ठाकुर ने 5 अगस्त को शिमला में प्रस्तावित आंदोलन में किसान-बागवानों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सहयोग करने की अपील की है।
