Spread the love
शिमला। प्रदेश की अर्थव्यवस्था में किसान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। राज्य सरकार भी किसानों की आय में वृद्धि करने और ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास को प्राथमिकता प्रदान कर रही है। जिसके फलस्वरूप राज्य सरकार प्रदेश में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का सफल कार्यान्वयन सुनिश्चित कर रही है।
पीएम किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना का उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों की खेती से संबंधित वित्तीय जरूरतों को पूरा करने और उचित फसल स्वास्थ्य और अधिकतम उपज सुनिश्चित करने, विभिन्न आदानों की खरीद, आधुनिक कृषि उपकरण और तकनीक से लैस करने की परिकल्पना की गई है। योजना के अन्तर्गत पात्र किसान लाभार्थियों को वार्षिक 6,000 रुपए का वित्तीय लाभ, तीन समान किश्तों में दो-दो हजार रुपए के रूप में प्रदान किए जाते हैं।
राज्य के किसानों को सशक्त करते हुए पीएम किसान योजना किसानों के छोटे-छोटे खर्चों पूर्ति करने में भी उपयोगी साबित हो रही है और किसानों को अच्छी गुणवत्ता वाले बीज, खाद और उपकरण खरीदने में सक्षम बना रही है। हिमाचल सरकार द्वारा राज्य में पीएम किसान योजना के सफल क्रियान्वयन से अब तक लगभग 10 लाख (9 लाख 83 हजार 279) किसान परिवारों को 1931.63 करोड़ रुपए की राशि 11 किश्तों में प्रदान की गई है।
कोविड महामारी के दौरान भी पीएम किसान योजना राज्य के किसानों के लिए वरदान सिद्ध हुई है। इस दौरान राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के किसानों को 11.27 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई और इसी अवधि के दौरान 93246 किसानों ने अपना पंजीकरण भी करवाया।
योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा अधिक किसानों को लाभान्वित करने के लिए पीएम किसान पोर्टल, कॉमन सर्विस सेंटर और पीएम किसान मोबाइल ऐप भी आरम्भ की गई है। लाभार्थियों को निधि के लेनदेन की निगरानी के लिए पीएम किसान पोर्टल बनाया गया है।
किस जिले में कितने किसान और कितना मिला लाभ
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में अब तक, जिला बिलासपुर के 59,607 किसानों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से 116.75 करोड़ रुपए हस्तांतरित किए गए हैं। जिला चंबा के 70201 किसानों को 142.08 करोड़ रुपए, जिला हमीरपुर के 59699 किसानों को 120.98 करोड़ रुपए, जिला कांगड़ा के 215069 किसानों को 427.37 करोड़ रुपए, कुल्लू जिले के 68143 किसानों को 140.66 करोड़ रुपए और जिला मंडी के 170136 किसानों को 331.09 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है। वहीं, जिला शिमला में 93315 किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 186.45 करोड़ रुपए हस्तांतरित किए गए हैं। सिरमौर जिले के 73381 किसानों को 127.37 करोड़ रुपए, सोलन जिले के 68339 किसानों को 137.85 करोड़ रुपए और जिला ऊना के 91325 किसानों के बैंक खातों में सीधे तैार पर 174.36 करोड़ रुपए हस्तांतरित किए गए हैं। उधर, राज्य के जनजातीय जिलों के किसान भी पीएम किसान योजना के तहत लाभान्वित हुए है। योजना के कार्यान्वयन से किन्नौर जिले के 10966 किसानों को लगभग 20.72 करोड़ रुपए की राशि और जिला लाहौल स्पीति के 3098 किसानों को लगभग 5.91 करोड़ रुपए की राशि प्रदान की गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *