Spread the love

कुल्लू। जनमानस से संवाद कभी टूटना नहीं चाहिए। इससे लोगों की समस्याओं को नजदीक से जानने का मौका मिलता है और जल्द समाधान करने में मदद मिलती है। यह बात वन, परिवहन व युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कुल्लू में प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए कही। ठाकुर ने कहा कि छोटी-छोटी समस्याएं गरीब लोगों के लिए बड़ी कठिनाईयों का सबब बन जाती है। यदि इनका समाधान समय पर न किया जाए। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने प्रदेश में जनमंच की शुरूआत की जिसके माध्यम से गांव के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचने में बड़ी कामयाबी मिली। कोरोना संकट की आहट से पूर्व प्रदेश में 175 जनमंचों का आयोजन किया गया, जिनमें 45 हजार से अधिक शिकायतें आई और 97 प्रतिशत का समाधान भी किया गया। उन्होंने कहा कि लोगों को राहत पहुंचाने का और फीडबैक प्राप्त करने का इससे बेहतर माध्यम नहीं हो सकता। इसके अलावा, मुख्यमंत्री हेल्पलाईन शुरू की गई, जिसमें लोग घर बैठे अपनी समस्याएं दर्ज करवाकर उनका समयबद्ध समाधान करवा रहे हैं। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की इस दूरगामी सोच की देशभर में सराहना की गई है।

कोविड-19 से हिमाचल को 30 हजार करोड़ का नुकसान हुआ
गोविंद ठाकुर ने कहा कि कोरोना संक्रमण की किसी ने कल्पना तक नहीं की होगी कि ऐसा समय आएगा, जब पूरा विश्व मानो थम सा गया हो। इतिहास में शायद ही कभी ऐसा दौर आया हो। हम सौभाग्यशाली है कि देश की कमान ऐसे मजबूत इरादों वाले व्यक्ति के हाथों में है जिसने दुनिया में भारत की शान का लोहा मनवाया है। 22 मार्च को जनता कर्फ्यू का आह्वान करके नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों का उन कोरोना कर्मवीरों तक संदेश पहुंचाया, जो संकट के इस दौर में दिन-रात हमारी सुरक्षा के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अकेले हिमाचल प्रदेश को कोरोना ने 30 हजार करोड़ से अधिक का नुकसान पहुंचाया है।

गोविंद ठाकुर ने कहा कि 2014 में भारी बहुमत से केन्द्र में एनडीए की सरकार बनी और 2019 में उससे भी अधिक बहुमत के साथ नरेन्द्र मोदी ने पुनः देश की कमान संभाली। इस अवधि के दौरान अनेक ऐसे ऐतिहासिक निर्णय लिए गए जो पिछले सैंकड़ों वर्षों में नहीं लिए जा सके। तीन तलाक को समाप्त करके मुस्लिम महिलाओं को बड़ी राहत पहुंचाई। उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने की राह प्रशस्त की। जम्मु-कश्मीर से धारा 370 व 35-ए के कलंक को समाप्त करके दो स्वायत राज्यों की स्थापना करके इन्हें मुख्यधारा में शामिल करके इन राज्यों के लोगों को विकास के द्वार खोले। अयोध्या में 111 एकड़ भूमि पर भव्य राम मंदिर का काम शुरू हो चुका है जो देश के लोगों के लिए आस्था का बहुत बड़ा केन्द्र है। नागरिकता संशोधन अधिनियम पारित किया जिसे पिछले 70 सालों में करने का किसी ने साहस नहीं किया।

मुख्यमंत्री संजीदगी के साथ काम कर रहे हैं कोरोना काल में
गोविंद ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कोरोना संकट में दूरदर्शिता के साथ काम किया है और देशभर में सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री बनकर उभरे हैं जिसके लिए उन्हें सम्मान भी प्रदान किया गया है। प्रदेश के लाखों नौजवान नौकरी करने तथा अध्ययन के लिए बाहरी प्रदेशों में फंसे थे। विशेष बसों से इन्हें लाकर अपने-अपने घर पहुंचाया। अभी तक 1.95 लाख लोगों को बाहरी प्रदेशों से लाया गया। उन्होंने कहा कि बेशक कोरोना संक्रमण का खतरा इससे बढ़ा, लेकिन अपने लोगों की उपेक्षा नहीं की जा सकती थी।

वन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री लाॅकडाउन के पहले ही दिन से हर रोज जिलों के उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों, मुख्य चिकित्सा अधिकारियों से वीडियो कान्फ्रेसिंग कर रहे हैं और प्रत्येक क्षण और स्थिति की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर नीतियां तैयार की जा रही हैं। किसानों और बागवानों की पहले ही लाॅकडाउन से चिंता करके अनेक प्रकार की रियायतों की घोषणा की गई है। पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष भीम सेन, महामंत्री अखिलेश कपूर, पार्षद व भाजपा नेता तरूण विमल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर मौजूद रहे।         

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *