Spread the love

शिमला। भाजपा राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने वीरवार को यहां प्रदेश भाजपा के सभी सातों मोर्चों के अध्यक्ष एवं महामंत्रियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप भी इस बैठक में उपस्थित रहे। बैठक की भूमिका भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने रखी और सभी मोर्चों का एक वृत राष्ट्रीय संगठन महामंत्री के समक्ष रखा। बैठक में बीएल संतोष ने सभी मोर्चों को संगठन के कामकाज के टिप्स दिए और फीडबैक भी लिया। 

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित राजनीतिक दल है और हाल ही में जो देश में चुनाव हुए हैं, उनमें भाजपा को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में बड़ी जीत हासिल हुई है। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक है कि हर राज्य में भाजपा ने एक बार फिर सरकार बनाई है और इस बार हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा फिर से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि इस मिशन रिपीट में संगठन का बड़ा योगदान रहने वाला है। जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल के संगठन के काम बढ़िया हैं‌ और हिमाचल के संगठनों के काम की राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा और प्रशंसा होती है। 

युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमित ठाकुर ने बताया की हिमाचल में वन बूथ 20 यूथ अभियान पूरा हो चुका है। इसका एक ऐप के माध्यम से सत्यापन भी कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वाबंलंबन योजना के तहत 3894 परिवारों को लाभ मिला, जिसमे युवा मोर्चा की अहम भूमिका रही। ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष ओपी चौधरी के बताया कि इस वर्ग को प्रदेश सरकार ने बड़ा फायदा पहुंचाया है। उनका मोर्चा हिमाचल में 3102 बूथों पर सक्रिय रूप से काम कर रहा है। वहीं, अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष नितेन कुमार ने बताया कि हिमाचल में अनुसूचित जाति वर्ग के 12 हजार लोगों का लोन माफ कर उनकी सरकार ने बड़ा लाभ दिया है। इस बीच, अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष राज बल्ली ने बताया कि वे 890 बूथों पर सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं और इस वर्ग में भाजपा के नीतियों का बड़ा प्रभाव है।

उधर, जनजातीय मोर्चा के अध्यक्ष जवाहर ने बताया कि वे सभी 74 मंडलों में अच्छा काम कर रहे हैं। वे भौगोलिक स्थिति के हिसाब से प्रभावशाली काम कर रहे हैं। उनकी सरकार ने नॉन शेड्यूल एरिया में भी जनजातीय वर्ग के लोगो के लिए बहुत काम किया है। वहीं, प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष रश्मिधर सूद ने बताया कि महिला मोर्चा ने निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का काम किया है। उनका संपर्क अभियान प्रदेशभर में चल रहा है और जयराम ठाकुर सरकार ने जो 125 यूनिट फ्री बिजली हिमाचलवासियों को दी है, उसका महिला वर्ग को बड़ा लाभ हुआ है। 

हिमाचल किसान मोर्चा के अध्यक्ष राकेश बबली के बताया कि उनके मोर्चा ने 3 लाख से ज्यादा कृषि परिवारों ने संपर्क किया है और हस्ताक्षर अभियान के तहत 282000 लोगों को जोड़ा। उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा ने सरकार के मध्यम से बेसहारा पशु के लिए योजना लाई और प्राकृतिक खेती में बढ़चढ़ कर काम किया। इसका हिमाचल की जनता को लाभ हो रहा है। इसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने हिमाचल के सभी जिला अध्यक्ष और महामंत्रियों को बैठक में भाग लिया। सभी जिला अध्यक्षों और महामंत्रियों से संतोष ने विस्तृत चर्चा की और सभी से उनका फीडबैक भी लिया। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed